श्रीलंका के खिलाड़ी ‘अंकल’ पर्सी की याद में काली पट्टी बांधकर भारत के खिलाफ मैदान पर उतरे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Nov 2023 07:31 PM
श्रीलंका के खिलाड़ी ‘अंकल’ पर्सी की याद में काली पट्टी बांधकर भारत के खिलाफ मैदान पर उतरे
ऑडियो सुनें

मुंबई. श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने गुरुवार को यहां भारत के खिलाफ विश्व कप मैच के दौरान अपने ‘दिग्गज प्रशंसक’ पर्सी अबेसेकेरा को श्रद्धांजलि दी और वे बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरे. अबेसेकेरा का हाल ही में 87 वर्ष की आयु में लंबी बीमा के बाद निधन हो गया.

प्रशंसकों और क्रिकेट जगत में वह ‘अंकल पर्सी’ के नाम से मशहूर थे. वह दुनिया भर के क्रिकेट मैदानों पर श्रीलंका की टीम की हौसला अफजाई करते नजर आते थे. अपने रंग-बिरंगे कपड़ों से पहचाने जाने वाले पर्सी ने 1979 विश्व कप से श्रीलंका टीम की हौसला अफजाई के लिए दौरे करने शुरू किए और तब से उन्हें लगभग सभी बड़े क्रिकेट टूर्नामेंटों में देखा गया. वह हालांकि खराब सेहत के कारण मौजूदा विश्व कप के लिए भारत नहीं आए.

श्रीलंका क्रिकेट से जारी बयान के मुताबिक, ” महान प्रशंसक दिवंगत पर्सी अबेसेकेरा को श्रद्धांजलि देने के लिए श्रीलंका के खिलाड़ी भारत के खिलाफ मैच में बांह पर काली पट्टी बांध कर खेलेंगे.” बयान के मुताबिक, ” अबेसेकेरा श्रीलंका क्रिकेट के एक अभिन्न अंग थे. उन्होंने खिलाड़ियों को समर्थन और प्रेरित करने के लिए मैदान के बाहर से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उनकी शानदार विरासत श्रीलंका को टेस्ट दर्जा मिलने से पहले से बाद तक के युग में जारी रही. क्रिकेट के प्रशंसकों के बी उनका नाम हमेशा यादगार रहेगा.” अर्जुना रणतुंगा, सनथ जयसूर्या और कुमार संगकारा जैसे श्रीलंका के स्टार क्रिकेटर उनके मित्र थे जबकि महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा से भी उनके अच्छे रिश्ते रहे.

रोहित हाल में एशिया कप के दौरान कोलंबो में उनके घर भी गए थे. कोहली ने 2015 में श्रीलंका दौरे के दौरान उन्हें संक्षिप्त बातचीत के लिए भारतीय ड्रेसिंग रूम में बुलाया था. श्रीलंका क्रिकेट ने भी हाल में उनके चिकित्सा खर्चों के लिए 50 लाख श्रीलंकाई रुपये दिए थे. रोहित ने एशिया कप के दौरान अबेसेकेरा से मुलाकात को याद किया जब वह कोलंबो में उनके घर गए थे.

उन्होंने कहा, ”मैं भाग्यशाली था कि मुझे एशिया कप के दौरान श्रीलंका में उनसे मिलने का मौका मिला और वह क्रिकेट के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं. बेशक वह श्रीलंका के प्रशंसक थे लेकिन वह संभवत: पहले प्रशंसक है जिससे मैं मिला. अपनी टीम के खिलाड़ियों के प्रति उनका प्यार और समर्थन सच्चा था.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu