भारत को सुल्तान जोहोर कप के सेमीफाइनल में जर्मनी ने 6-3 से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 03 Nov 2023 09:31 PM
भारत को सुल्तान जोहोर कप के सेमीफाइनल में जर्मनी ने 6-3 से हराया
ऑडियो सुनें

जोहोर बाहरू. तीन बार का चैंपियन भारत सुल्तान जोहोर कप जूनियर हॉकी खिताब का बचाव करने में नाकाम रहा और शुक्रवार को यहां सेमीफाइनल में दुनिया की दूसरे नंबर की टीम जर्मनी से 6-3 से हार गया. जर्मनी के लिए क्रिश्चियन फ्रांज (16वें मिनट), निकस बेरेन्ड्ट्स (29वें, 45वें), पीयर हेनरिक्स (43वें, 48वें) और ्स्पिपलंग फ्लोरियन (49वें) ने गोल किये. भारत के लिए अमनदीप लाकड़ा (35वें), उत्तम सिंह (58वें) और रोहित (60वें) ने गोल दागे.

भारतीय टीम ने मैच में आक्रामक शुरुआत करते हुए जर्मनी के गोल पोस्ट पर हमला किया लेकिन विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज टीम ने जवाबी हमला किया. बेन हैशबैक के प्रयास पर भारतीय गोलकीपर मोहित एचएस ने शानदार बचाव किया. जर्मनी ने शुरुआती क्वार्टर में इसके बाद कुछ और मौके बनाये लेकिन मोहित ने अपनी सतर्कता दिखाते हुए कप्तान मातेओ पोलयारिक के प्रयास पर गोल नहीं होने दिया.

दूसरे क्वार्टर के शुरुआत में जर्मनी के खिलाड़ियों ने भारतीय रक्षापंक्ति को छकाते हुए गेंद फ्रांज को दी जिन्होंने गोल करने में कोई गलती नहीं की. भारतीय खिलाड़ी इस क्वार्टर में गेंद में नियंत्रण करने के लिए जूझते दिखे तो वहीं मध्यांतर से पहले बेरेन्ड्ट्स पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया. मध्यांतर के तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम कुछ हद तक वापसी करने में सफल रही. टीम ने एक के बाद एक कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये जिसमें से अमनदीप गोल करने में सफल रहे.

भारतीय टीम की यह खुशी ज्यादा देर बरकरार नहीं रही क्योंकि हिनरिक्स के गोल से जर्मनी ने एक बार अपनी बढ़त मजबूत कर ली.
मैच के आखिरी क्वार्टर में भी जर्मनी का दबदबा जारी रहा. हेनरिक्स ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना दूसरा गोल किया. इसके तुरंत बाद बेरेन्ड्ट्स ने भी मैच का अपना दूसरा गोल दाग दिया. मैच के 49वें मिनट में फ्लोरियन के गोल से जर्मनी ने 6-1 की मजबूत बढ़त बना ली.

जर्मनी ने अब अपनी बढ़त को बनाये रखने पर ध्यान दिया जिसका फायदा उठाकर उत्तम ने लंबी दूरी के क्रास को गोल में बदला. मैच के आखिरी मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर रोहित के गोल से भारतीय टीम हार का अंतर कम करने में सफल रही. भारत शनिवार को तीसरे स्थान के प्लेऑफ में पाकिस्तान का सामना करेगा. दिन के दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से हराया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu