बेंगलुरु/नयी दिल्ली. कर्नाटक में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी बी जेड जमीर अहमद खान के एक निजी जेट में बैठे होने का कथित वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार को ”समृद्ध और विलासितापूर्ण जीवनशैली का दिखावा” करने के लिए कांग्रेस सरकार की तीखी आलोचना की. इस पर मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किस विमान में यात्रा करते हैं और वह अकेले क्यों जाते हैं. वीडियो में सिद्दरमैया आवास मंत्री खान और राजस्व मंत्री कृष्ण बायरे गौड़ा समेत अन्य लोगों के साथ दिखे.
वीडियो में मंत्री खान को विमान के अंदर चलते हुए देखा जा सकता है और साथ ही एक गीत ‘देखो देखो देखो चलता है सुल्तान, देखो देखो देखो ललकार है सुल्तान’ सुनायी देता है. भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कहा, ”यदि असहिष्णुता का कोई चेहरा होता तो कर्नाटक सरकार इसमें सबसे आगे होती. पूरा कर्नाटक गंभीर सूखे की चपेट में है, किसान फसलों को नुकसान होने और कोई बारिश न होने तथा बमुश्किल से कोई विकास कार्य होने के कारण गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं. इन सबके बावजूद कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी अपनी समृद्ध और विलासितापूर्ण जीवनशैली का दिखावा करने के बारे में सोच सकते हैं….”
विजयेंद्र ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”वे सूखा राहत कार्यों के लिए निधि मांगने की खातिर इस महंगे विमान में यात्रा कर रहे हैं! हमारे संकट का यह भद्दा उपहास है. कांग्रेस के मंत्रियों के लिए करदाताओं का पैसा लूटना बहुत आसान है.” विजयेंद्र के ट्वीट के बारे में पूछे जाने पर सिद्दरमैया ने कहा, ”नरेन्द्र मोदी कैसे यात्रा करते हैं? पहले आप मुझे यह बताएं. कृपया यह सवाल भाजपा के लोगों से पूछें – नरेन्द्र मोदी किस विमान में यात्रा करते हैं? वह अकेले यात्रा करते हैं. वह अकेले क्यों यात्रा करते हैं. भाजपा नेता कुछ अनाप-शनाप ही कहेंगे.”
कर्नाटक के मुख्यमंत्री की ‘शानदार’ उड़ान पर प्रह्लाद जोशी ने कहा, यह बेहद अनुचित है
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का एक शानदार निजी विमान में दिल्ली से बेंगलुरु तक की यात्रा ऐसे समय में करना ‘बेहद अनुचित’ था जब राज्य गंभीर सूखे के हालात से गुजर रहा हो. सिद्धरमैया और उनके कैबिनेट सहयोगी बी जेड जमीर अहमद खान और कृष्णा बायरेगौड़ा के शानदार निजी विमान से यात्रा करने का कथित वीडियो सोशल मीडिया में आने के बाद जोशी ने यह टिप्प्णी की.
वीडियो को खान ने पोस्ट करने के साथ एक संदेश लिखा, ”हमारे गौरवान्वित नेता मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ दिल्ली से बेंगलुरु तक की यात्रा के सुखद क्षण.” जोशी ने कर्नाटक में गंभीर सूखे की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, ”इस समय इतने शानदार विमान में यात्रा करना बेहद अनुचित है.” उन्होंने कहा कि अगर किसी स्थान पर नियमित हवाई सेवा नहीं है तो इसे समझा जा सकता है, लेकिन दिल्ली और बेंगलुरु के बीच बहुत सारी उड़ानें हैं.
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए चंदा अभियान पर भी कटाक्ष किया. जोशी ने कहा, ”मुझे लगता है कि यह चंदा अभियान केवल कांग्रेस नेताओं के पास जमा काले धन को सफेद करने के लिए है.” भाजपा के सूचना तकनीकी प्रकोष्ठ (आईटी सेल) के प्रभारी अमित मालवीय ने कहा, ”एक तरफ कांग्रेस ‘क्राउडफंडिंग’ का नाटक कर रही है और ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में समोसा तक नहीं परोसा गया, दूसरी तरफ कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में आवास, वक्फ और अल्पसंख्यक मामलों के कैबिनेट मंत्री जमीर अहमद खान एक निजी विमान में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ अपनी तस्वीरें प्रर्दिशत कर रहे हैं.” मालवीय ने कहा कि कर्नाटक भले ही कुशासन से जूझ रहा हो, लेकिन कांग्रेस की लूट जारी रहनी चाहिए.