ईंट भट्ठे की दीवार गिरने से छह मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री ने दो-दो लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Dec 2023 10:27 PM
ईंट भट्ठे की दीवार गिरने से छह मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री ने दो-दो लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की
ऑडियो सुनें

हरिद्वार. उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रूड़की क्षेत्र में मंगलवार को एक ईंट भट्ठे की दीवार ढहने से उसके नीचे दबकर छह मजदूरों की मौत हो गयी तथा चार अन्य घायल हो गए. पुलिस ने इसकी जानकारी दी. मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक (देहात) स्वपन किशोर ने बताया कि घटना मंगलौर पुलिस थाने के तहत लहबोली गांव में सुबह हुई, जब मजदूर ईंट भट्ठे में काम कर रहे थे.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक प्रकट करते हुये हुए मृतकों के आश्रितों के लिए दो-दो लाख रूपये तथा घायलों के लिए 50-50 हजार रूपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है . उन्होंने बताया कि दीवार के नीचे दबकर एक घोड़े की भी मृत्यु हुई है. किशोर ने बताया कि क्षेत्र के सानवी ईंट भट्ठे पर मजदूर भट्टी में पकाने के लिए ईंट भर रहे थे, और तभी अचानक उसकी दीवार भरभरा कर गिर गयी जिससे उसके नीचे वहां काम कर रहे मजदूर और कुछ मवेशी दब गये.

दीवार गिरने से घटनास्थल पर कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर जिला आपदा प्रबंधन टीम के साथ अधिकारी मौके पर पंहुचे और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया. किशोर ने बताया कि जेसीबी की मदद से दीवार के मलबे को हटाकर दबे हुए मजदूरों को निकला गया जिनमे से पांच की मौके पर ही मौत हो गयीं थी. एक अन्य मजदूर ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.

उन्होंने बताया कि घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी धीरज सिंह गबरियाल ने कहा कि उन्होंने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और रूड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट मामले की जांच करेंगे. उन्होंने कहा, ”हम हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं. दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.” मुख्यमंत्री ने घटना पर शोक प्रकट करते हुए उसे ह्रदयविदारक बताया. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की. यहां एक ट्वीट में धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये एवं घायलों को 50-50 हजार रूपये की सहायता राशि दी जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu