दिल्ली में इजराइल के दूतावास के पास विस्फोट, तलाशी अभियान जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Dec 2023 10:41 PM
दिल्ली में इजराइल के दूतावास के पास विस्फोट, तलाशी अभियान जारी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. नयी दिल्ली में स्थित इजराइल के दूतावास के पास मंगलवार शाम को एक विस्फोट हुआ और घटनास्थल से इजराइली राजदूत को संबोधित एक पत्र बरामद किया गया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि लेकिन घटनास्थल से अभी तक कोई विस्फोटक नहीं मिला है. तलाशी अभियान जारी है और दूतावास के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं.

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा कि इजराइली राजदूत को संबोधित टाइप किया हुआ एक पत्र दूतावास के पीछे एक उद्यान क्षेत्र में पाया गया, जहां यह विस्फोट हुआ था. उन्होंने बताया कि पत्र की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है. इजराइली दूतावास के प्रवक्ता गाइ नीर ने कहा, ”हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि शाम करीब 5:48 बजे दूतावास के नजदीक एक विस्फोट हुआ था. दिल्ली पुलिस और सुरक्षा टीम अभी भी हालात की जांच कर रही हैं. ”

भारत में इजराइली मिशन के उपप्रमुख ओहद नकाश कयनार ने कहा, ” हमारे सभी राजनयिक और कर्मचारी सुरक्षित हैं. हमारी सुरक्षा टीम दिल्ली की स्थानीय सुरक्षा टीम के साथ पूर्ण सहयोग के साथ काम कर रही हैं और वे मामले की आगे की जांच करेंगी. ” दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट होने की सूचना देने वाली कॉल शाम पांच बजकर 45 मिनट पर आई थी और दिल्ली पुलिस के पीसीआर (पुलिस नियंत्रण कक्ष) के जरिए स्थानांतरित हुई थी.

अग्निशमन विभाग ने तुरंत दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेज दिया. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर हैं और तलाशी अभियान जारी है. सूत्रों ने बताया कि फोन करने वाले ने पुलिस को बताया कि दूतावास के पीछे विस्फोट हुआ है. हिंदी भवन में तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने मीडिया को बताया कि उसने दूतावास के पीछे तेज आवाज सुनी और पुलिस को इसकी सूचना दी.

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है. इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे इलाके के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे हैं. अभी तक कोई विस्फोटक नहीं मिला है और तलाशी अभियान अभी भी जारी है. उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते और बचाव दल को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया. अधिकारियों ने कहा कि इजराइल और हमास के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से इजराइली दूतावास के आसपास सुरक्षाकर्मी हाई अलर्ट पर हैं.

गौरतलब है कि जनवरी 2021 में दिल्ली में इजराइली दूतावास के पास कम तीव्रता का एक विस्फोट हुआ था, जिसमें कुछ कारें क्षतिग्रस्त हो गईं थीं. इसमें कोई घायल नहीं हुआ था. इससे पहले, फरवरी 2012 में यहां इजराइली दूतावास की एक कार के नीचे बम लगाया गया था, जिसमें एक राजनयिक की पत्नी घायल हो गई थीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu