डाबोलिम हवाई अड्डे पर नौसेना के मिग-29के विमान का टायर फटा, यात्री उड़ानें प्रभावित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Dec 2023 10:53 PM
डाबोलिम हवाई अड्डे पर नौसेना के मिग-29के विमान का टायर फटा, यात्री उड़ानें प्रभावित
ऑडियो सुनें

पणजी. भारतीय नौसेना के मिग-29के लड़ाकू विमान का मंगलवार दोपहर को नियमित उड़ान से ठीक पहले गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे पर टैक्सीवे पर टायर फट गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि टायर फटने के कारण विमान टैक्सीवे पर फंस गया. अधिकारियों ने हवाई अड्डे के रनवे को शाम चार बजे तक परिचालन के लिए बंद कर दिया, जिससे यात्री उड़ानों की सेवाएं प्रभावित हुईं.

डाबोलिम हवाई अड्डे के निदेशक एस वी टी धनंजय ने बताया कि कोलकाता से इंडिगो की एक उड़ान उतरने के साथ ही अपराह्न करीब 3:52 बजे रनवे पर परिचालन फिर से शुरू हुआ. सूत्रों ने कहा कि घटना के कारण 13 से अधिक उड़ानों को या तो डायवर्ट किया गया या उनके समय में बदलाव किया गया. नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा, ”जब विमान अपनी नियमित उड़ान से पहले टैक्सीवे पर था, तब उसका टायर फट गया. दमकल और अन्य सेवाओं के र्किमयों को तुरंत वहां भेजा गया.” उन्होंने बताया कि एकल पायलट वाले विमान को टैक्सीवे से हटा दिया गया.

अधिकारी ने घटना का समय नहीं बताया. दक्षिण गोवा जिले में स्थित डाबोलिम हवाई अड्डा नौसैन्य अड्डे आईएनएस हंस का हिस्सा है. इस सुविधा का उपयोग नौसेना के विमानों द्वारा दिन के निश्चित समय के दौरान किया जाता है. इससे पहले, धनंजय ने कहा था कि टायर फटने की घटना के कारण हवाई अड्डे का रनवे शाम 4 बजे तक परिचालन के लिए बंद रहेगा. हवाई अड्डा निदेशक ने कहा, ”10 उड़ानों की सेवाएं प्रभावित हुईं. कुछ उड़ानों को मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu