गोवा के समुद्र तट के पास देखी जा रही हैं हजारों सार्डिन मछलियां

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Dec 2023 09:14 PM
गोवा के समुद्र तट के पास देखी जा रही हैं हजारों सार्डिन मछलियां
ऑडियो सुनें

परनेम. गोवा में एक समुद्र तट के पास हजारों सार्डिन मछलियां देखी जा सकती हैं जिन्हें निहारने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ रहे हैं. विशेषज्ञों ने कहा कि यह दुर्लभ घटनाक्रम है जिसे ‘सार्डिन रन’ कहा जाता है. आसपास रहने वाले लोगों के अनुसार, गोवा-महाराष्ट्र सीमा पर पणजी से लगभग 40 किलोमीटर दूर केरी-तेरेखोल में तट के किनारे की तरफ सार्डिन मछली के झुंड देखे जा सकते हैं.

स्थानीय मछुआरे वामन नाइक (35) ने कहा कि सोमवार से हर शाम समुद्र तट के पास पानी में सार्डिन मछलियों को अठखेलियां करते देखा जा सकता है. इन मछलियों को या तो ताजा खाया जाता है या टिन में संरक्षित किया जा सकता है. नाइक ने कहा, ”हजारों मछलियां पानी से छलांग लगाकर बाहर आ रही हैं. स्थानीय लोगों के लिए यह बड़ा दिलचस्प नजारा है जो समुद्र तट पर एकत्रित होते हैं और मछलियों को इकट्ठा करके अपने घर ले जाते हैं.” उन्होंने कहा कि वह ऐसा कुछ अपने जीवन में पहली बार देख रहे हैं.

पानी से सार्डिन मछलियों के बाहर आने का और स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें उठाने का वीडियो इंटरनेट पर देखा जा रहा है. सीएसआईआर से संबद्ध राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान में पूर्व अनुसंधानवेत्ता डॉ बाबन इंगोले ने इस समुद्री घटनाक्रम को बहुत दुर्लभ बताया और कहा कि समुद्र के सतही जल के तापमान में अचानक बदलाव के कारण सामान्य तौर पर ऐसा होता है जहां सार्डिन मछलियां रहती हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu