शिरडी/बेंगलुरु. महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)- शरद पवार गुट के विधायक जितेंद्र अव्हाड के इस बयान पर विवाद खड़ा हो गया है कि भगवान राम “मांसाहारी” थे और पशुओं का शिकार करते थे. अव्हाड के इस बयान के बाद भाजपा के विधायक और अजित पवार के नेतृत्व वाले राकांपा के विरोधी गुट ने उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है.
अव्हाड ने कहा कि उन्होंने मामले का अध्ययन किए बिना कुछ नहीं कहा था, फिर भी अगर उन्होंने किसी की भावनाएं आहत की हैं, तो वह ”अफसोस” जताते हैं. पश्चिम महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के शिरडी में बुधवार को पार्टी के एक कार्यक्रम में अव्हाड ने कहा था कि भगवान राम “बहुजनों” से संबंध रखते हैं. महाराष्ट्र में ‘बहुजन’ शब्द का उपयोग पारंपरिक तौर पर हिंदू समाज के गैर-ब्राह्मण वर्गों, विशेष रूप से निचले तबकों के लिए किया जाता है.
राकांपा विधायक ने कहा था, “वह (भगवान राम) शिकार करके खाया करते थे. वह हमारे, बहुजनों के थे. आप (भाजपा) हमें शाकाहारी बना रहे हो, (लेकिन) हम राम के उदाहरण को मान रहे हैं और मटन खा रहे हैं.” अव्हाड ने कहा, “राम शाकाहारी नहीं थे, वह मांसाहारी थे. 14 वर्ष वनवास में रहने वाले व्यक्ति को शाकाहारी भोजन कहां मिलता होगा?” कार्यक्रम में राकांपा प्रमुख शरद पवार भी मौजूद थे.
बुधवार शाम को अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के कार्यकर्ताओं ने ठाणे में अव्हाड के आवास के पास विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश की.
अजित पवार गुट से जुड़े पूर्व सांसद आनंद परांजपे ने अव्हाड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की. अव्हाड ने बाद में कहा कि जो लोग बिना किसी तर्क के लड़ना चाहते हैं वे ऐसी मांगों का सहारा लेते हैं. उन्होंने कहा, “इतिहास को तोड़ना-मरोड़ना मेरा काम नहीं है…मैंने मामले का अध्ययन किए बिना कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन आजकल भावनाओं को ज्ञान से कहीं अधिक महत्व दिया जाता है. अगर मेरी टिप्पणी से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं खेद व्यक्त करता हूं.” भाजपा विधायक राम कदम ने मुंबई में उपनगरीय घाटकोपर पुलिस को एक आवेदन सौंपा, जिसमें हिंदू भावनाओं को कथित तौर पर आहत करने के लिए अव्हाड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है.
राम हमारे परिवार के भगवान हैं और मैं उनका भक्त हूं: कांग्रेस विधायक इकबाल हुसैन
कर्नाटक में कांग्रेस विधायक एच. ए. इकबाल हुसैन ने बृहस्पतिवार को कहा कि राम ‘हमारे परिवार के भगवान हैं और मैं उनका भक्त हूं.’ रामनगर क्षेत्र के विधायक ने कहा कि वह ‘रामोत्सव’ को ”भव्य लेकिन धर्मनिरपेक्ष तरीके से” मनाएंगे.” हुसैन ने पत्रकारों से कहा, ”मैं पहले ही कह चुका हूं कि मैं राम भक्त हूं. मैं सभी देवताओं की पूजा करता हूं. इसके बारे में कोई अन्य सोच नहीं है.” उन्होंने कहा कि वह बचपन से ही सरस्वती, लक्ष्मी, गणेश और भगवान राम की पूजा करते रहे हैं.
उन्होंने कहा, ”मैंने सभी राजनीतिक दलों के साथ भव्य लेकिन धर्मनिरपेक्ष तरीके से ‘रामोत्सव’ को श्रद्धापूर्वक मनाने का फैसला किया है.” अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर उन्होंने कहा, ”कुछ लोग अपने राजनीतिक फायदे के लिए कुछ भी करते हैं लेकिन कांग्रेस कभी भी लोगों को बांटने के लिए भगवान और धर्म का इस्तेमाल नहीं करती.” हुसैन ने कहा, ”कांग्रेस की एक विचारधारा, प्रतिबद्धता और अनुशासन है, जिसका मैं पालन करता हूं.”
चुनावी वर्ष में अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन समारोह पर एक सवाल के जवाब में, उन्होंने कहा, ”यह उन (भाजपा) पर छोड़ दिया गया है.” हुसैन ने कहा, ”हम राम सहित सभी देवताओं की पूजा करते हैं. उनके लिए यह नया हो सकता है लेकिन हमारे लिए नहीं. हमारे लिए, राम हमारे परिवार के भगवान हैं. वे राम का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रहे हैं. हम नहीं कर रहे हैं.”