हैदराबाद/अहमदाबाद. हैदराबाद में पतंग के धागे (मांझा) से कथित तौर पर गला कटने के कारण एक मोटरसइकिल सवार सैनिक की मौत हो गई. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी और कहा कि यह घटना तब घटी जब सैनिक फ्लाईओवर से गुजर रहा था. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम की है जब करीब 30 वर्षीय सेना का जवान ‘मांझे’ के संपर्क में आ गया जिससे उसका गला कट गया और खून बहने लगा.
अधिकारी ने कहा, ”सैनिक के गले में चोट लगी थी. उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.” अधिकारी ने बताया कि सैनिक आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम का मूल निवासी था और यहां सैन्य अस्पताल में चालक के रूप में कार्यरत था. लंगर हाउस पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है.
गुजरात में पतंग की डोर से गला कटने से चार साल के बच्चे की मौत
गुजरात के महीसागर जिले में रविवार को उत्तरायण के अवसर पर पतंग की डोर से गला कटने से चार वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि पूरे प्रदेश में पतंगों से संबंधित घटनाओं में कई अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी. उत्तरायण त्योहार के मौके पर पतंग उड़ाने की परंपरा रही है. इस त्यौहार को मकर संक्रांति के नाम से भी जाना जाता है.
जिले के कोठम्बा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बच्चा, तरूण मच्छी, अपने पिता की मोटरसाइकिल पर घर जा रहा था, जब रविवार दोपहर को बोराडी गांव के पास पतंग की डोर से उसका गला कट गया. उन्होंने बताया कि बच्चा मोटरसाइकिल की अगली सीट पर बैठा था . अधिकारी ने कहा कि उसकी गर्दन पर गहरी चोट लगी और उपचार से पहले ही अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गयी .
प्रदेश में 108 एम्बुलेंस सेवा संचालित करने वाली कंपनी ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ र्सिवसेज ने बताया कि इस बीच उत्तरायण के दिन गुजरात में पतंग के धागे से कम से कम 66 लोग घायल हो गए. ईएमआरआई ने कहा कि इनमें से 27 लोग अहमदाबाद में घायल हुए, वडोदरा में ऐसे सात मामले सामने आए. इसके बाद सूरत में छह तथा भावनगर एवं राजकोट में चार-चार लोग घायल हुये हैं.