पंजाब में ईडी की कार्रवाई के बीच आप ने केंद्र पर लगाया जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 24 Sep 2026 01:42 PM
पंजाब में ईडी की कार्रवाई के बीच आप ने केंद्र पर लगाया जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बृहस्पतिवार को राज्य में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तलाशी कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह विधानसभा चुनाव से पहले जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। चीमा ने कहा कि पंजाब को डराया या चुप नहीं कराया जा सकता, इसे दबाया भी नहीं जा सकता। उन्होंने मोहाली स्थित पंजाब के ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमएडीए) के कार्यालय एवं अन्य स्थानों पर ईडी की छापेमारी की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

आप कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को जीएमएडीए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। यहां संवाददाताओं से बातचीत में वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि भाजपा 2014 से ईडी, सीबीआई, निर्वाचन आयोग एवं आयकर विभाग का ”दुरुपयोग” कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में चुनाव होने वाले होते हैं, वहां भाजपा नीत केंद्र सरकार इन एजेंसियों का दुरुपयोग करते हुए ईडी, सीबीआई एवं आयकर विभाग को भेजती है। चीमा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में भी ऐसा हुआ, जहां आप के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ ”फर्जी मामले” दर्ज किए गए और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले भी ऐसा ही किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भी विपक्षी दलों की सरकारें हैं, उन्हें खत्म करने के इरादे से निशाना बनाया जाता है। चीमा ने कहा कि अब जब पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, तो पूरे राज्य में ईडी की छापेमारी तेज हो गई है। उन्होंने कहा, ”आप नेताओं, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के घरों पर कार्रवाई की जा रही है। यह सिर्फ छापेमारी नहीं हैं बल्कि यह केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। पंजाब कभी दबाव के आगे नहीं झुका है और न ही कभी झुकेगा।”

धनशोधन जांच के तहत ईडी ने मंगलवार को मोहाली स्थित जीएमएडीए के कार्यालयों, आवासन एवं शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव विकास गर्ग तथा दिल्ली स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी के परिसरों में छापेमारी की कार्रवाई की । बुधवार को भी यह कार्रवाई जारी रही।
ईडी के अधिकारियों ने चंडीगढ़ स्थित एक आवास पर तलाशी अभियान चलाया, जहां दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन अक्सर रहते हैं। सूत्रों ने बताया कि जब ईडी की टीम यहां सेक्टर-39 स्थित आवास पर पहुंची, तब जैन वहां मौजूद नहीं थे और अधिकारियों ने प्रवेश के लिए ताले तोड़ दिए। एजेंसी ने बुधवार को लुधियाना के साहनेवाल में पंजाब के मंत्री हरदीप ंिसह मुंडियां के भतीजे के आवास पर भी छापेमारी की ।
भाषा रंजन मनीषा

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav