अनुपम खेर, काजोल को महाराष्ट्र सरकार के राज कपूर फिल्म पुरस्कार के लिए चुना गया

मुंबई. प्रख्यात अभिनेता अनुपम खेर और काजोल देवगन को इस वर्ष महाराष्ट्र सरकार के प्रतिष्ठित राज कपूर फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. राज्य के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की. शेलार ने बताया कि खेर को राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चुना गया है, जबकि काजोल को राज कपूर स्पेशल कंट्रीब्यूशन पुरस्कार मिलेगा. इन पुरस्कारों में क्रमश? 10 लाख रुपये और छह लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है.

उन्होंने बताया कि प्रसिद्ध अभिनेता, निर्देशक और निर्माता महेश मांजरेकर को चित्रपति वी शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया जाएगा, जिसमें 10 लाख रुपये नकद, एक स्मृति चिन्ह, एक प्रशस्ति पत्र और एक रजत पदक शामिल है. अभिनेत्री मुक्ता बर्वे को चित्रपति वी. शांताराम स्पेशल कंट्रीब्यूशन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा, जिसमें छह लाख रुपये की नकद राशि, एक स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और एक रजत पदक दिया जाएगा. वर्ष 1993 में गठित लता मंगेशकर संगीत पुरस्कार इस साल दिग्गज मराठी गजल गायक भीमराव पंचाले को दिया जाएगा. इस सम्मान में 10 लाख रुपये नकद, एक स्मृति चिन्ह, एक प्रशस्ति पत्र और एक शॉल शामिल है.

शेलार ने मंत्रालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पुरस्कारों की घोषणा करते हुए कहा, ” ये पुरस्कार उन कलाकारों के अद्वितीय योगदान को मान्यता देते हैं जिन्होंने भारतीय सिनेमा और संगीत को समृद्ध किया है. उनके काम का जश्न मनाना सरकार के लिए सम्मान की बात है.” उन्होंने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह 25 अप्रैल को यहां एनएससीआई डोम में होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button