सेना प्रमुख ने रेलवे स्टेशन पर महिला का प्रसव कराने वाले सैन्य अधिकारी की प्रशंसा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Jul 2025 08:58 PM
सेना प्रमुख ने रेलवे स्टेशन पर महिला का प्रसव कराने वाले सैन्य अधिकारी की प्रशंसा की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. झांसी रेलवे स्टेशन पर अत्यंत पीड़ा से जूझ रही महिला का प्रसव कराने वाले मेजर बचवाला रोहित की सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सोमवार को उनकी असाधारण पेशेवर दक्षता और कर्तव्य से परे जाकर दिखाई गई नि:स्वार्थ प्रतिबद्धता के लिए सराहना की तथा उन्हें सम्मानित किया.

सेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि पांच जुलाई को झांसी के सैन्य अस्पताल से अपने गृहनगर हैदराबाद के लिए छुट्टी पर जाते समय मेजर बचवाला रोहित की नजर रेलवे स्टेशन पर एक महिला पर पड़ी जो बहुत तकलीफ में थी, वह व्हीलचेयर से गिर गई थी और तेज प्रसव पीड़ा से जूझ रही थी.

सेना ने कहा, “असाधारण सूझबूझ और चिकित्सकीय कौशल का परिचय देते हुए मेजर रोहित ने रेलवे प्लेटफार्म पर ही एक तौलिया, चाकू और ‘हेयर क्लिप’ सहित प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध उपकरणों का उपयोग करते हुए आपातकालीन प्रसव कराया.” सेना ने उस महिला की तस्वीर भी साझा की, जिसकी मेजर ने सहायता की. साथ ही सेना ने मेजर रोहित की नवजात शिशु को गोद में लिए हुए एक तस्वीर भी साझा की.

सेना ने पोस्ट में कहा, “कर्तव्य से परे नि:स्वार्थ सेवा को सम्मानित करते हुए, जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मेजर बचवाला रोहित की उनकी असाधारण पेशेवर क्षमता और समर्पण के लिए सराहना की.” सेना के पोस्ट में सेना प्रमुख द्वारा सैन्य अधिकारी की वर्दी पर प्रशंसा चिह्न लगाते हुए एक तस्वीर भी साझा की गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu