नयी दिल्ली: कांग्रेस ने महंगाई को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि कमरतोड़ महंगाई से देशवासियों को छुटकारा कब मिलेगा। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा कि ”प्रवचन मंत्री की असंवेदनशीलता की कोई सीमा नहीं है।” रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”महंगाई सिर्फ बाजार के आंकड़ों में नहीं बढ़ रही, उसका दर्द हर मध्यमवर्गीय और गरीब के घर की रसोई में महसूस हो रहा है।”
उन्होंने दावा किया कि त्योहारों के मौसम में तीन महीने में रसोई का बजट 25 प्रतिशत तक बढ़ गया है। कांग्रेस नेता ने एक गृहिणी का हवाला देते हुए कहा कि 35,000 रुपये की मासिक आय में घर का रसोई खर्च संभालना मुश्किल हो गया है। रमेश ने कहा कि अरहर दाल की कीमत 105 रुपये से बढकर 140-150 रुपये किलो, मूंग की 95 रुपये से 120 रुपये, चावल की 42-45 रुपये से 53-55 रुपये और सरसों तेल की कीमत 165 रुपये से बढकर 190 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार के आंकड़ों के अनुसार अगस्त में खाद्य महंगाई 5.95 प्रतिशत रही, जबकि प्याज, अदरक और लहसुन की कीमतों में क्रमश: 48.27 प्रतिशत, 73.82 प्रतिशत और 43.60 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि दाल, मसाले, सब्जियों और तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि घरेलू बचत घट रही है और परिवारों पर कर्ज बढ़ रहा है। रमेश ने कहा कि आम परिवारों के सामने केवल बढ़ते खर्च की चुनौती नहीं है, बल्कि सीमित आय में घर चलाने और बचत बनाए रखने की भी समस्या है। उन्होंने कहा, ”सरकार के लिए यह आंकड़े हो सकते हैं, लेकिन जनता के लिए हर महीने बिगड़ता हुआ घरेलू बजट है।”