बेंगलुरु. सोशल मीडिया पर महिलाओं की अश्लील तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करने के आरोप में 26 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि सरकार ऐसे कृत्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी.
पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान गुरदीप सिंह के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु के केआर पुरम से होटल प्रबंधन की पढ़ाई कर चुका है.
बनशंकरी पुलिस ने एक छात्रा की शिकायत के बाद सिंह को गिरफ्तार किया था. छात्रा ने आरोप लगाया था कि अनुचित तरीके से और सहमति के बिना रिकॉर्ड किया गया उसका एक वीडियो सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किया गया था. पुलिस ने बताया कि बाद में यह वीडियो वायरल हो गया, जिसके कारण लड़की को अन्य लोग परेशान करने लगे.
पुलिस उपायुक्त लोकेश जगलासर ने कहा कि आरोपी फिलहाल बेरोजगार है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सिद्धरमैया ने कहा कि उन्हें इससे गहरा दुख हुआ है. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हाल के दिनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं और हमारी सरकार ने तत्काल कार्रवाई की है. अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. हम ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रहे हैं.” उन्होंने समाज से आत्मचिंतन करने का आह्वान किया.
सिद्धरमैया ने कहा कि अगर महिलाएं बिना किसी डर के स्वतंत्र रूप से नहीं घूम सकतीं, तो हमें सोचना चाहिए कि समाज किस दिशा में जा रहा है. उन्होंने कहा, “ऐसे कृत्य न केवल अपराध हैं, बल्कि उन मूल्यों के साथ भी विश्वासघात के समान हैं जिन्हें हम एक समाज के रूप में मानते हैं.” सिद्धरमैया ने राज्य की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा, “हम आपके साथ हैं. आपकी सुरक्षा और सम्मान हमारी प्राथमिकता है. ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करेंगे.” उन्होंने लोगों से ऐसे किसी भी वीडियो या अकाउंट की सूचना साइबर अपराध प्रकोष्ठ को देने का आग्रह किया. सिद्धरमैया ने कहा, “आइए हम मिलकर एक ऐसा कर्नाटक बनाएं जहां हर महिला सुरक्षित, सम्मानित और स्वतंत्र महसूस करे.”