नोबेल पुरस्कार की बात पर भाजपा का केजरीवाल पर तंज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Jul 2025 09:47 PM
नोबेल पुरस्कार की बात पर भाजपा का केजरीवाल पर तंज
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल के उस बयान को लेकर उन पर तंज कसा जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें उनके शासन मॉडल के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए. सचदेवा ने उनकी टिप्पणी को ”हास्यास्पद” बताया.

सचदेवा ने कहा कि यदि ”अक्षमता” और ”भ्रष्टाचार” के लिए नोबेल पुरस्कार की श्रेणियां होतीं, तो केजरीवाल को अवश्य ही यह पुरस्कार मिल जाता. वहीं, ‘आप’ ने पलटवार करते हुए भाजपा से कहा कि वह तंज कसने के बदले दिल्ली में शासन पर ध्यान दे. आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक बयान में कहा, ”वीरेंद्र सचदेवा अब सरकार में हैं. अब सिर्फ बातें करने का समय नहीं, काम करने का समय है. विपक्ष में रहने के दिन गए. अब कार्य करना होगा. दिल्ली को आपके काम का इंतज.ार है, न कि ध्यान भटकाने वाले बयानों और तंज कसने का.” मंगलवार को चंडीगढ़ में ”केजरीवाल मॉडल” नामक पुस्तक के पंजाबी संस्करण के विमोचन कार्यक्रम में आप प्रमुख ने दिल्ली में अपनी पिछली सरकार के शासन मॉडल की चर्चा की.

दिल्ली में शासन के दौरान चुनौतियों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा, ”हमें काम करने से रोका गया, इसके बावजूद हमने अच्छा काम किया. मुझे शासन और प्रशासन में किए गए कार्यों के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए.” सचदेवा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा, ”यदि अराजकता, भ्रष्टाचार और अक्षमता की श्रेणियों में नोबेल पुरस्कार होता, तो वह जरूर विजेता होते.” उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल के शासनकाल में कई घोटाले हुए जिनमें मुख्यमंत्री आवास के निर्माण में भारी खर्च शामिल है. भाजपा मुख्यमंत्री आवास को ”शीशमहल” कहती रही है.

सचदेवा ने कहा, ”नोबेल पुरस्कार की मांग करना हास्यास्पद है. दिल्ली की जनता यह सुनकर स्तब्ध है.” केजरीवाल ने पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में कहा कि उनका मॉडल केवल ईमानदारी से चल सकता है. उन्होंने कहा, ”यदि कोई सरकार भ्रष्ट है, उसके मंत्री लूट में लगे हैं तो यह मॉडल टिक नहीं सकता. हमने पंजाब में भी यह साबित किया है.” उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें दावा करती थीं कि खजाना खाली है, लेकिन हमने भ्रष्टाचार खत्म कर जनता का पैसा बचाया और स्कूल, अस्पताल की स्थिति सुधारी और मुफ्त बिजली दी. केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में ‘आप’ सरकार के बाद सेवाएं ”ठप” हो गई हैं. सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता बसों में ‘पैनिक बटन’, महिलाओं की पेंशन, क्लासरूम निर्माण और शराब नीति जैसे मुद्दों से जुड़े ”घोटाले” नहीं भूली है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu