ढाका में झील से बरामद किया गया महिला टीवी पत्रकार का शव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Aug 2024 07:55 PM
ढाका में झील से बरामद किया गया महिला टीवी पत्रकार का शव
ऑडियो सुनें

ढाका. बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक झील से बुधवार को 32 वर्षीय महिला टीवी पत्रकार का शव बरामद किया गया. मीडिया में जारी की गई खबरों में यह जानकारी दी गई. मृतक की पहचान सारा रहनुमा के रूप में हुई है. वह बांग्ला भाषा के सैटेलाइट और केबल टीवी चैनल गाजी टीवी की न्यूजरूम एडिटर थीं. यह गाजी ग्रुप का चैनल है.

ढाका ट्रिब्यून अखबार में प्रकाशित की गई खबर में बताया गया कि ढाका की हातिरझील में सारा रहनुमा का शव तैरता हुआ पाया गया.
ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) पुलिस चौकी के प्रभारी निरीक्षक बच्चू मिया ने महिला पत्रकार का शव मिलने की पुष्टि की. पैदल यात्रियों ने झील से उनका शव निकाला और ढाका मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मंगलवार देर रात दो बजे मृत घोषित कर दिया.

सारा को अस्पताल लाने वाले सागर नामक व्यक्ति ने बताया, ”मैंने महिला को हातिरझील में तैरते देखा था, जिसके बाद उन्हें डीएमसीएच में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.” सारा ने अपनी मौत से पहले सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर मंगलवार रात की गई एक पोस्ट में फहीम फैसल नामक व्यक्ति को टैग किया था.

उन्होंने पोस्ट में लिखा था, ”तुम्हारे जैसा दोस्त पाकर बहुत अच्छा लगा. अल्लाह हमेशा तुम्हारा भला करे. उम्मीद है, तुम जल्द ही अपने सारे सपने पूरे कर लोगे. मुझे पता है कि हमने साथ मिलकर बहुत सारी योजनाएं बनाई थीं. माफ करना हम अपनी योजनाएं पूरी नहीं कर पाए. भगवान तुम्हारे जीवन के हर क्षेत्र में तुम्हारा भला करे.” सारा ने इससे पहले एक पोस्ट में लिखा था, ”मृत्यु जैसा जीवन जीने से मर जाना बेहतर है.” निरीक्षक बच्चू मिया ने कहा कि डीएमसीएच मुर्दाघर में शव रखा गया. पुलिस ने कहा कि सारा की मौत का कारण जानने के लिए जांच की जाएगी. बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के अमेरिका में रहने वाले बेटे साजिब वाजेद ने महिला पत्रकार की मौत को राजनीतिक रंग देते हुए कहा कि यह देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर ‘एक और क्रूर हमला’ है.

वाजेद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”गाजी टीवी की न्यूजरूम एडिटर सारा रहनुमा मृत पाई गईं. उनका शव ढाका शहर में हातिरझील से बरामद किया गया. यह बांग्लादेश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर एक और क्रूर हमला है. गाजी टीवी एक धर्मनिरपेक्ष समाचार चैनल है जिसके मालिक गुलाम दस्तगीर गाजी हैं जिन्हें हाल में गिरफ्तार किया गया था.” बांग्लादेश के न्यूज चैनल समय न्यूज ने उनके पति सईद शुवरो के हवाले से बताया कि घटना के दिन सारा काम पर गई थीं, लेकिन रात को घर नहीं लौटीं.
शुवरो को तड़के करीब तीन बजे सूचना मिली कि सारा ने हातिरझील में छलांग लगा दी है. शुवरो ने बताया कि सारा उससे तलाक लेना चाहती थी. समाचार चैनल ने कहा कि सारा की मौत की परिस्थितियां रहस्यमयी लग रही हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu