बुमराह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बने

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Feb 2024 09:08 PM
बुमराह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बने
ऑडियो सुनें

दुबई/चेन्नई. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद जसप्रीत बुमराह बुधवार को आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए. विशाखापत्तनम में इस 30 साल के गेंदबाज ने नौ विकेट लेकर पैट कमिंस, कागिसो रबाडा और रविचंद्रन अश्विन को पीछे छोड़ दिया. वह टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले देश के चौथे खिलाड़ी है.
इससे पहले बिशन सिंह बेदी, अश्विन और रविंद्र जडेजा रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने में सफल रहे हैं.

बुमराह ने इस रैंकिंग में अश्विन की जगह ली जो पिछले 11 महीने से इस सूची में शीर्ष पर थे. टेस्ट मैच में 499 विकेट लेने वाले अश्विन तीसरे स्थान पर खिसक गये. बुमराह के नाम 881 रेटिंग अंक है. वह सबसे ज्यादा रेटिंग अंक हासिल करने के मामले में अश्विन (904) और जडेजा (899) के बाद चौथे स्थान पर है. अश्विन और जडेजा मार्च 2017 में संयुक्त रूप से शीर्ष पर थे.

बल्लेबाजों की सूची में विशाखापत्तनम में दोहरा शतक जड़ने वाले सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल 37 पायदान ऊपर 29वें स्थान पर पहुंच गए जबकि दूसरी पारी में शतक लगाने के बाद शुभमन गिल 14 पायदान ऊपर चढ़कर करियर के सर्वश्रेष्ठ 38वें स्थान पर पहुंच गए. इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्राउली विशाखापत्तनम टेस्ट के बाद आठ स्थान ऊपर चढ़कर 22वें पायदान पर आ गये है. उन्होंने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 76 और 73 रन की पारी खेली थी.

इंग्लैंड के युवा लेग स्पिनर रेहान अहमद 14 पायदान ऊपर 70वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि अपने शुरुआती दोनों टेस्ट मैचों में 50 रन और पांच विकेट लेने वाले इंग्लैंड के दूसरे खिलाड़ी बने टॉम हार्टले दोनों सूची में सुधार करने में सफल रहे. वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में 103 से 95वें स्थान जबकि गेंदबाजी में 63वें से 53वें स्थान पर आ गये. इस रैंकिंग में श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच खेले गये मैच को भी शामिल किया गया है. मैच में आठ विकेट लेने वाले श्रीलंका के प्रभात जयसूर्या तीन स्थान के सुधार के साथ करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे स्थान पर पहुंच गये है.

बुमराह ने दूसरे टेस्ट मैच में अपने साथी गेंदबाजों को काफी पीछे छोड़ दिया : डिविलियर्स

दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में खेले गए दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में उन्होंने अपने साथी गेंदबाजों को काफी पीछे छोड़ दिया था. भारत ने इस मैच में जीत दर्ज करके पांच मैच की श्रृंखला 1-1 से बराबर की. दूसरे टेस्ट मैच में अच्छे प्रदर्शन के दम पर बुमराह आईसीसी की गेंदबाजों के लिए टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए हैं. वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के पहले तेज गेंदबाज हैं.

डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,”बुमराह ने बेहतरीन गेंदबाजी की. क्या शानदार गेंदबाज है जसप्रीत बुमराह. उन्होंने अपने साथी भारतीय गेंदबाजों को काफी पीछे छोड़ दिया, लेकिन अन्य गेंदबाजों ने भी अच्छा योगदान दिया और यह एक साथ मिलकर शिकार करने जैसा था.”

उन्होंने कहा,”भारत के अन्य गेंदबाजों का गेंदबाजी विश्लेषण बहुत अच्छा नजर नहीं आ रहा हो लेकिन उन्होंने मंच तैयार करके अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई. यह व्यक्तिगत खेल नहीं है और भारतीय आक्रमण की यही बात मुझे पसंद है.” बुमराह ने दूसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों में मिलाकर 9 विकेट हासिल किए थे. उनके यार्कर का बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. डिविलियर्स ने कहा,”वह (यार्कर) तीनों प्रारूप में उसका (बुमराह) मुख्य हथियार है. जब भी मैं उसके खिलाफ खेलता था तो हमेशा यार्कर के बारे में सोचता था. यहां तक की टेस्ट क्रिकेट में भी उसने यार्कर से काफी विकेट लिए हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu