कर्नाटक में नेतृत्व पद पर बदलाव कोई मुद्दा नहीं, ऐसे निर्णय कांग्रेस आलाकमान लेता है : सुरजेवाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Jul 2025 07:46 PM
कर्नाटक में नेतृत्व पद पर बदलाव कोई मुद्दा नहीं, ऐसे निर्णय कांग्रेस आलाकमान लेता है : सुरजेवाला
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कांग्रेस महासचिव एवं पार्टी के कर्नाटक मामलों के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाओं पर टिप्पणी करने से मंगलवार को इनकार कर दिया और कहा कि यह अब प्रासंगिक नहीं है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ऐसे निर्णय पार्टी आलाकमान लेता है.

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार की नयी दिल्ली यात्रा को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुरजेवाला ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा आधिकारिक काम के लिए तथा राज्य का पक्ष और मांगें केंद्र सरकार के समक्ष रखने के लिए है. सिद्धरमैया और शिवकुमार की दिल्ली यात्रा को कुछ लोग मुख्यमंत्री पद पर बदलाव की संभावना से जोड़ रहे हैं.

विधायकों द्वारा नेतृत्व परिवर्तन और आंतरिक मुद्दों पर खुलेआम बयानबाजी करने के बारे में पूछे गए सवाल के संबंध में सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, “प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (शिवकुमार) ने पहले ही इस पर गौर किया है. जहां तक ??नेतृत्व के मुद्दों का सवाल है, मैंने पिछले हफ्ते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री के साथ आपसे बात की थी. हमें उस मुद्दे पर जो कुछ भी कहना था, हम पहले ही कह चुके हैं.” पिछले सप्ताह सुरजेवाला ने कहा था कि नेतृत्व परिवर्तन के बारे में मीडिया में प्रसारित कोई भी खबर केवल “कल्पना की उपज” है, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि नेतृत्व परिवर्तन जैसे मामलों पर निर्णय लेना पार्टी आलाकमान पर निर्भर है.

मुख्यमंत्री पद पर परिवर्तन की अटकलों के बीच सिद्धरमैया ने कहा था कि वह पूरे पांच साल के कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री रहेंगे.
शिवकुमार ने संकेत दिया कि उनके पास कोई विकल्प नहीं है और वह सिद्धरमैया के साथ खड़े रहेंगे. राजनीतिक हलकों में, खासकर सत्तारूढ. कांग्रेस में, पिछले कुछ समय से इस साल के अंत में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें लगाई जा रही हैं, जिसमें सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच सत्ता-साझाकरण समझौते का हवाला दिया गया है.  शिवकुमार जहां केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करने के लिए पहले से ही दिल्ली में हैं, वहीं सिद्धरमैया बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी जाएंगे और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से चर्चा करेंगे. पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस यात्रा के दौरान कांग्रेस नेतृत्व के साथ उनकी बैठक की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu