चीन ने अंतरिक्ष में भेजा अपना सबसे कम उम्र का दल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Oct 2023 08:07 PM
चीन ने अंतरिक्ष में भेजा अपना सबसे कम उम्र का दल
ऑडियो सुनें

बीजिंग. अंतरिक्ष यात्रियों को 2030 से पहले चांद पर भेजने की योजना बना रहे चीन ने बृहस्पतिवार को अपने अंतरिक्ष स्टेशन के लिए अपने सबसे कम उम्र के दल को रवाना किया. उत्तर-पश्चिमी चीन में गोबी रेगिस्तान के किनारे पर स्थित ‘जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर’ से पूर्वाह्न 11 बजकर 14 मिनट पर लॉन्ग मार्च 2-एफ रॉकेट के माध्यम से शेनझोउ 17 अंतरिक्ष यान ने अंतरिक्ष दल को लेकर उड़ान भरी.

सरकारी प्रसारणकर्ता ‘सीसीटीवी’ ने बताया कि ‘चाइना मैन्ड स्पेस एजेंसी’ के अनुसार, अंतरिक्ष स्टेशन निर्माण मिशन की शुरुआत से भेजे गए दलों में इस तीन सदस्यीय दल की औसत आयु सबसे कम है. सरकारी मीडिया ‘चाइना डेली’ ने कहा कि अंतरिक्ष दल की औसत आयु 38 साल है.

अंतरिक्ष में नए उपलब्धि हासिल करने के लिए अमेरिका से मिल रही प्रतिद्वंद्विता के बीच चीन इस दशक के अंत तक चांद पर अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने की योजना पर काम कर रहा है. यह दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच प्रौद्योगिकी, सैन्य और राजनयिक क्षेत्रों में प्रभाव बढ.ाने की प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है.

अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना हुए तीनों अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो, तांग शेंगजी और जियांग शिनलिन छह महीने से स्टेशन पर मौजूद दल का स्थान लेंगे. इनमें से तांग अधिक अनुभवी हैं और उन्होंने 2021 के अंतरिक्ष मिशन का तीन महीने नेतृत्व किया था.
चीन ने ब्रह्मांड की और गहनता से जांच करने के लिए अंतरिक्ष में एक नया दूरदर्शक यंत्र (टेलीस्कोप) भेजने की बुधवार को घोषणा की थी. सीसीटीवी ने बताया था कि टेलीस्कोप सर्वेक्षण करने के साथ-साथ आकाश का मानचित्रण करेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu