कांग्रेस ने मणिपुर में दो संपादकों की गिरफ्तारी की निंदा की, उनकी तुरंत रिहाई की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jan 2024 08:57 PM
कांग्रेस ने मणिपुर में दो संपादकों की गिरफ्तारी की निंदा की, उनकी तुरंत रिहाई की मांग की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने क्षेत्रीय भाषा के समाचार पत्रों के दो संपादकों की गिरफ्तारी की रविवार को कड़ी निंदा की और उनकी तुरंत रिहाई की मांग की. पार्टी ने केंद्र की (नरेन्द्र) मोदी सरकार और मणिपुर सरकार द्वारा राज्य पर ‘डबल इंजन हमला’ करने का आरोप लगाया.
कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक बयान में कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता पर एक और हमला करते हुए क्षेत्रीय भाषा के दो संपादकों को मणिपुर सरकार ने गिरफ्तार किया है.

खेड़ा ने कहा कि 31 दिसंबर 2023 को भाजपा नियंत्रित पुलिस ने क्षेत्रीय भाषा के समाचार पत्र कांगलेईपाकी मेइरा के संपादक वांगखेमचा श्यामजय को भड़काऊ खबरों का कथित प्रकाशन करने के लिए गिरफ्तार किया था. कांग्रेस नेता ने कहा कि पांच जनवरी को मणिपुर पुलिस ने मेइती भाषा के समाचार पत्र हुइयेन लानपाओ के संपादक धनबीर माइबाम को भी धर्म और नस्ल के आधार पर वैमनस्य को बढ.ावा देने के लिए गिरफ्तार किया था.

ऑल मणिपुर जर्नलिस्ट्स यूनियन और एडिटर्स गिल्ड मणिपुर ने एक संयुक्त बयान में उनकी गिरफ्तारी की निंदा की तथा उनकी तुरंत रिहाई की मांग की. श्यामजय, ऑल मणिपुर जर्नलिस्ट्स यूनियन के पूर्व प्रमुख हैं. खेड़ा ने कहा, ”कांग्रेस पार्टी क्षेत्रीय भाषा के प्रतिष्ठित समाचार पत्र के संपादकों की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करती है. हमारा दृढ.ता से मानना है कि पत्रकारों को भयादोहन की आशंका के बगैर अपने पेशेवर कर्तव्यों का निर्वहन करने और जनहित के विषयों की रिपोर्टिंग करने दिया जाना चाहिए.

उन्होंने अपने बयान में कहा, ”हम ऑल मणिपुर र्विकंग जर्नलिस्ट्स यूनियन, एडिटर्स गिल्ड मणिपुर और पाओमी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा जताई गई आपत्तियों का दृढ.ता से अनुमोदन करते हैं.” खेड़ा ने आरोप लगाया कि मणिपुर में भाजपा सरकार राज्य की वास्तविक स्थिति की रिपोर्टिंग करने की कोशिश करने पर पत्रकारों को गिरफ्तार कर और उनपर गंभीर आरोप लगाकर प्रेस की स्वतंत्रता पर हमले कर रही है.

उन्होंने कहा कि यह सब राज्य को हिंसा, अराजकता और अव्यवस्था में धकेल कर स्थिति के कुप्रबंधन के लिए किसी भी जवाबदेही से बचने के वास्ते किया जा रहा है. खेड़ा ने आरोप लगाया, ”उदासीन रवैया दिखा रही मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार द्वारा मणिपुर पर दोहरे इंजन के हमले के परिणामस्वरूप पिछले आठ महीनों में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई, 1,100 लोग घायल हुए हैं और 67,000 लोग विस्थापित हो गए.” कांग्रेस नेता ने कहा,”भारत के लोग जानते हैं कि भाजपा केवल उन्हीं पत्रकारों का पक्ष लेती है, जो लक्षद्वीप में प्रधानमंत्री मोदी की छुट्टियों जैसे कार्यक्रमों को कवर करके उनके सामने रेंगते हैं या उनसे ‘क्या आप कैलोरी के प्रति सचेत हैं?’ या ‘आप थकते क्यों नहीं?’ जैसे सवाल पूछते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu