कांग्रेस विपक्षी दल बनने के लायक भी नहीं है: नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Jan 2024 07:00 PM
कांग्रेस विपक्षी दल बनने के लायक भी नहीं है: नड्डा
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए बुधवार को कहा कि हाल में मालदीव विवाद को लेकर अपनी प्रतिक्रिया के कारण यह पार्टी देश में विपक्षी दल बनने के ”लायक भी नहीं” है. नड्डा ने भाजपा की असम इकाई की कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मालदीव के तीन मंत्रियों के हालिया बयान को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रतिक्रिया की आलोचना की.

उन्होंने कहा, ”वे (कांग्रेस) सरकार चलाने में सक्षम नहीं थे. अब, वे विपक्षी दल बनने के भी लायक नहीं हैं.” मालदीव के साथ हाल में हुए विवाद पर खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हर बात को निजी तौर पर लेने का आरोप लगाया था. नड्डा ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की भी आलोचना की और दावा किया कि इसका गठन काले धन और संबंधित दलों के नेताओं के परिवारों की रक्षा के लिए किया गया है.

उन्होंने कहा, ”इसमें शामिल सभी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में मामले दर्ज हैं. यह व्यक्तिगत लाभ के लिए बनाया गया गठबंधन है. इसका भारत से कोई लेना-देना नहीं है.” कांग्रेस की प्रस्तावित ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के बारे में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस यात्रा का नाम ‘भारत तोड़ो अन्याय यात्रा’ रखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा, ”उन्होंने हर तरह के अन्याय किए हैं और भारत को विभाजित करने के लिए सब कुछ किया है, लेकिन अब वे न्याय के लिए यात्रा का आयोजन कर रहे हैं!”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu