ईडी ने इस्लामिक स्टेट से जुड़े कट्टरपंथ मामले में चार राज्यों में छापे मारे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Dec 2025 10:35 PM
ईडी ने इस्लामिक स्टेट से जुड़े कट्टरपंथ मामले में चार राज्यों में छापे मारे
ऑडियो सुनें

मुंबई. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक ‘‘अत्यधिक कट्टरपंथी’’ इस्लामिक स्टेट मॉड्यूल से जुड़ी आतंकी वित्त पोषण की जांच के संबंध में बृहस्पतिवार को कई राज्यों में छापे मारे. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि सुबह से शुरू हुई छापेमारी में महाराष्ट्र में ठाणे जिले के पडघा-बोरीवली क्षेत्र (मुंबई के पास), रत्नागिरी जिले, दिल्ली, कोलकाता और उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में लगभग 40 स्थानों पर तलाशी ली गई.

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में तलाशी के दौरान ईडी दलों को राज्य के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) द्वारा सुरक्षा दी गई जबकि अन्य राज्यों में केंद्रीय सुरक्षा बलों ने सुरक्षा प्रदान की. केंद्रीय एजेंसी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया है. उसने यह कार्रवाई राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के उस आरोप-पत्र के आधार पर की है जिसमें आरोप था कि कुछ व्यक्ति एक ‘‘अत्यधिक कट्टरपंथी’’ इस्लामिक स्टेट से जुड़े मॉड्यूल का हिस्सा थे और इस संगठन के लिए भर्ती, प्रशिक्षण, हथियार और विस्फोटक जुटाने और अपनी गतिविधियों को जारी रखने के लिए धन एकत्र करने में लगे थे.

अधिकारियों के अनुसार ईडी ने मुंबई एटीएस की उन खुफिया जानकारियों को भी ध्यान में रखा, जिनमें कहा गया था कि खैर (कैथ) लकड़ी की एक अवैध तस्करी गिरोह द्वारा ‘‘अपराध से अर्जित आय’’ (पीएमएलए के तहत परिभाषित अवैध धन) का इस्तेमाल चरमपंथी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu