ईडी ने धनशोधन मामले में राज कुंद्रा को पूछताछ के लिए बुलाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Dec 2024 08:18 PM
ईडी ने धनशोधन मामले में राज कुंद्रा को पूछताछ के लिए बुलाया
ऑडियो सुनें

मुंबई. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और व्यवसायी राज कुंद्रा को अश्लील फिल्मों के कथित वितरण से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है. आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कुंद्रा को मामले के जांच अधिकारी के समक्ष सोमवार को पेश होने के लिए कहा गया है, लेकिन अगर वह सोमवार को नहीं आ सकते तो सप्ताह में किसी और दिन पेश हो सकते हैं.

सूत्रों ने बताया कि मामले में शामिल कुछ अन्य लोगों को भी इस सप्ताह के दौरान पेश होने के लिए कहा गया है, जिनमें उत्तर प्रदेश के कुशीनगर का एक कारोबारी भी शामिल है. केंद्रीय एजेंसी ने 29 नवंबर को कुंद्रा के मुंबई और उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में स्थित अन्य व्यक्तियों के परिसरों पर छापे मारे थे.

मई, 2022 का धनशोधन का यह मामला कुंद्रा और अन्य आरोपियों के खिलाफ दायर मुंबई पुलिस की कम से कम दो प्राथमिकियों और आरोपपत्र से जुड़ा है. इस मामले में कुंद्रा और कुछ दूसरे आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था तथा बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी. कुंद्रा के खिलाफ धनशोधन का यह दूसरा मामला है. ईडी ने इस साल की शुरुआत में क्रिप्टो करंसी मामले में कुंद्रा और शेट्टी की 98 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी लेकिन दंपति को ईडी के इस कुर्की आदेश के खिलाफ बंबई उच्च न्यायालय से राहत मिल गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu