गाय को बचाने के लिए बांध में कूदा किसान, एसडीईआरएफ के दो जवान डूबे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 Aug 2024 08:40 PM
गाय को बचाने के लिए बांध में कूदा किसान, एसडीईआरएफ के दो जवान डूबे
ऑडियो सुनें

भिंड. मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक गाय को बचाने के लिए बांध में कूदा किसान और बचाव अभियान के लिए तैनात राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) के दो जवानों की डूबने से मौत हो गई. यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को दी. पुलिस अधीक्षक असित यादव ने बताया कि बुधवार शाम कुंवारी नदी पर बने बांध के स्लुइस गेट में एक गाय फंस गई, जिसके बाद उसका मालिक विजय सिंह और उनका चचेरा भाई दिनेश भदौरिया जलाशय में कूद गए.

यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर हुई. दिनेश सिंह तेज बहाव में बह गया. कचोंगरा गांव के निवासियों ने रस्सियों की मदद से विजय को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.” उन्होंने कहा, “दिनेश को नदी के बीच में झाड़ियों में फंसा हुआ देखकर ग्रामीणों ने अधिकारियों को सूचित किया, जिन्होंने उसे बचाने के लिए राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) की मदद मांगी. जीवन रक्षक जैकेट पहने एसडीईआरएफ की तीन सदस्यीय टीम नदी में उतरी, लेकिन उनकी नाव पलट गई, जिससे वे तेज बहाव में गिर गए.” उन्होंने कहा कि एसडीईआरएफ के जवान प्रवीण कुशवाह और हरदास चौहान की जीवन रक्षक जैकेट तेज बहाव में फट गई, जबकि तीसरा जवान तैरकर सुरक्षित निकलने में कामयाब रहा.

अधिकारी ने कहा कि 100 से अधिक जवानों को तैनात करने के बाद आज शाम कुशवाह और चौहान के शव बरामद किए गए.
यादव ने एसडीईआरएफ के एक जवान से मिली जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि दिनेश और गाय को बुधवार को बचा लिया गया था. बुधवार रात को अंधेरे के कारण लापता दो जवानों को खोजने का अभियान रोक दिया गया था और बृहस्पतिवार सुबह इसे फिर से शुरू किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu