पूर्व केंद्रीय मंत्री अशोक गजपति राजू गोवा के राज्यपाल, कवींद्र गुप्ता लद्दाख के उपराज्यपाल नियुक्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Jul 2025 07:19 PM
पूर्व केंद्रीय मंत्री अशोक गजपति राजू गोवा के राज्यपाल, कवींद्र गुप्ता लद्दाख के उपराज्यपाल नियुक्त
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/जम्मू. पूर्व नागर विमानन मंत्री पी. अशोक गजपति राजू को सोमवार को गोवा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया, जबकि जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया. आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई.

विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम बंगाल से भाजपा के वरिष्ठ नेता अशीम कुमार घोष हरियाणा के नए राज्यपाल होंगे. इसमें कहा गया कि उनकी नियुक्तियां उनके कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी. आंध्र प्रदेश से तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के नेता राजू गोवा के राज्यपाल के रूप में पी.एस. श्रीधरन पिल्लई का स्थान लेंगे. पिल्लई ने 15 जुलाई, 2021 को गोवा के राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी.

राजू (74) ने 27 मई 2014 से 10 मार्च 2018 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में नागर विमानन मंत्री के रूप में काम किया. वह आंध्र प्रदेश सरकार में भी मंत्री पद संभाल चुके हैं. लद्दाख के नवनियुक्त उपराज्यपाल गुप्ता जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ भाजपा नेता हैं. वह जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्ववर्ती राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं.

जम्मू शहर के जानीपुर क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले 66 वर्षीय गुप्ता 2005 से 2010 तक लगातार तीन बार जम्मू के महापौर रहे हैं.
गुप्ता भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं. केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में वह ब्रिगेडियर बी डी मिश्रा (सेवानिवृत्त) का स्थान लेंगे.

विज्ञप्ति में कहा गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल पद से ब्रिगेडियर मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. उन्हें 19 फरवरी, 2023 को लद्दाख का दूसरा उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था. इसमें कहा गया था कि राष्ट्रपति को कवींद्र गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त करते हुए प्रसन्नता हो रही है. पश्चिम बंगाल में भाजपा के वरिष्ठ नेता अशीम कुमार घोष हरियाणा के नए राज्यपाल होंगे. घोष ने 1999 से 2002 तक पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई का नेतृत्व किया था. वह बंडारू दत्तात्रेय का स्थान लेंगे. पूर्व श्रम एवं रोजगार मंत्री दत्तात्रेय ने 15 जुलाई, 2021 को हरियाणा के राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण किया था.

हम लद्दाख के विकास के लिए सबके साथ मिलकर काम करेंगे: उपराज्यपाल बनने पर कवींद्र गुप्ता ने कहा

उपमुख्यमंत्री और जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष समेत कई अहम पदों पर आसीन रहने के बाद अब लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में नई पारी शुरू करने जा रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कवींद्र गुप्ता ने सोमवार को कहा कि यह एक चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी है और वह क्षेत्र के विकास के लिए सभी के साथ मिलकर काम करेंगे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को गुप्ता को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया.

गुप्ता ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”मैं उन सभी का आभारी हूं जिन्होंने मुझे इस योग्य समझा – चाहे वह माननीय प्रधानमंत्री हों, माननीय राष्ट्रपति हों, गृह मंत्री हों या राष्ट्रीय नेतृत्व – जिन्होंने मुझे इस पद पर बिठाया. मैं उन सभी के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं.” उन्होंने 30 अप्रैल, 2018 से मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली भाजपा-पीडीपी सरकार में जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया.

गुप्ता ने कहा, ”निश्चित रूप से कई चुनौतियां हैं, लेकिन मैं उन्हें स्वीकार करता हूं. मैं केंद्र शासित प्रदेश की सेवा करने की पूरी कोशिश करूंगा.” वर्ष 2014 में जम्मू-कश्मीर विधानसभा का अध्यक्ष बनने वाले भाजपा नेता ने कहा, ”यह एक बड़ी जिम्मेदारी है और मुझे इसे पूरी ईमानदारी से निभाने का पूरा विश्वास है. हम (क्षेत्र के विकास के लिए) सभी के साथ मिलकर काम करेंगे.” जम्मू शहर के जानीपुर क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले 66 वर्षीय गुप्ता ने 2005 से 2010 तक लगातार तीन बार जम्मू के महापौर के रूप में कार्य किया.

उन्होंने भाजपा की राज्य इकाई के महासचिव के रूप में कार्य किया और 1993 से 1998 तक लगातार दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) की जम्मू-कश्मीर इकाई का नेतृत्व किया. गुप्ता 2014 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के तत्कालीन मंत्री रमन भल्ला को हराकर गांधी नगर निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए थे.

वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में पीडीपी-भाजपा गठबंधन की जीत के बाद गुप्ता सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुने गए. पहले विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के सचिव रह चुके गुप्ता ने आपातकाल के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता के रूप में लगभग 13 महीने जेल में बिताए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu