गुरुग्राम : पिता ने ही गोली मारकर की राज्यस्तरीय टेनिस खिलाड़ी की हत्या

गुरुग्राम. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में राज्य स्तरीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की बृहस्पतिवार को उनके पिता ने ही कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि घटना गुरुग्राम के सुशांत लोक में स्थित दो मंजिला मकान में हुई. अधिकारियों ने बताया कि 25 वर्षीय राधिका जब खाना बना रही थी तभी उसे पीछे से गोली मारी गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी.

अधिकारियों ने बताया कि राधिका के पिता 49 वर्षीय दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके पास से .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल बरामद की गई है. उन्होंने बताया कि पिता द्वारा घटना को अंजाम दिये जाने के पीछे की मंशा स्पष्ट नहीं है.
पुलिस के मुताबिक पिता ने कथित तौर पर राधिका को पांच से अधिक गोलियां मारी हैं.

अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय राधिका की मां भूतल पर थीं. उन्होंने बताया कि हरियाणा के लिए टेनिस खेलने वाली राधिका पहली मंजिल पर स्थित रसोईघर में थीं. पुलिस की एक टीम घर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. गुरुग्राम सेक्टर 56 पुलिस थाना के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया, ”हम परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रहे हैं. जांच चल रही है और जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी.” टेनिस खिलाड़ी का परिवार गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित सुशांत लोक-फेज 2 में रहता है और मूल रूप से वजीराबाद गांव का निवासी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button