हिमंत विश्व शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी, वित्त मंत्री एवं कोयला मंत्री से मुलाकात की

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 28 Jul 2025 07:44 PM
हिमंत विश्व शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी, वित्त मंत्री एवं कोयला मंत्री से मुलाकात की
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें राज्य में विभिन्न सामाजिक-आर्थिक संकेतकों एवं कल्याणकारी योजनाओं में हुई प्रगति की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी की अपनी यात्रा के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से भी मुलाकात की.

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”आज नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से मुलाकात का अवसर प्राप्त हुआ.” उन्होंने कहा, ”(मैंने) सामाजिक-आर्थिक संकेतकों में असम की उल्लेखनीय प्रगति और प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं के लगभग पूर्ण होने के बारे में उन्हें जानकारी दी.” शर्मा ने कहा कि उन्होंने ”असम के लोगों की ओर से आठ सितंबर को उनका (मोदी का) स्वागत करने के लिए उत्सुक होने से अवगत कराया. यह एक ऐसा क्षण होगा जो हमारे राज्य की विकास यात्रा में एक और मील का पत्थर साबित होगा.” शर्मा ने प्रधानमंत्री को ‘गमोसा’ (असमिया गमछा) और कई स्मृति चिन्ह भी भेंट किए.

प्रधानमंत्री मोदी भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी पर एक साल तक चलने वाले समारोह का उद्घाटन करने और गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में देश के पहले बायो-इथेनॉल संयंत्र का लोकार्पण करने के लिए आठ सितंबर को असम की यात्रा करेंगे.
शर्मा ने नयी दिल्ली में संसद भवन में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की और उन्हें सामाजिक-आर्थिक मानदंडों पर असम की प्रगति के बारे में जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने सीतारमण से राज्य के आर्थिक विकास को गति देने में केंद्रीय वित्त मंत्रालय का समर्थन और सहयोग मांगा.

उन्होंने सीतारमण को गोहपुर में बनने जा रहे कनकलता बरुआ विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के लिए भी आमंत्रित किया. उन्होंने ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विश्वविद्यालय के बनकर तैयार हो जाने पर उसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम कंप्यूटिंग, रोबोटिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों पर कुछ विशेषीकृत पाठ्यक्रम भी होंगे.

शर्मा ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से भी मुलाकात की और तिनसुकिया जिले के मार्गेरिटा में कोल इंडिया के संचालन पर चर्चा की. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ”कुछ समय पहले माननीय केंद्रीय मंत्री श्री किशन रेड्डी के साथ एक बेहतरीन बैठक हुई. हमने मार्गेरिटा में कोल इंडिया के संचालन को और अधिक जीवंत, सुदृढ़ और उत्पादक बनाने के बारे में विस्तार से चर्चा की.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital