हैदराबाद : मंदिर में मूर्ति क्षतिग्रस्त, केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने की जांच की मांग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Oct 2024 07:53 PM
हैदराबाद : मंदिर में मूर्ति क्षतिग्रस्त, केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने की जांच की मांग
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना के सिकंदराबाद में सोमवार को एक मंदिर में मूर्ति क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद तनाव पैदा हो गया. बड़ी संख्या में लोग पूजा स्थल परिसर के पास एकत्र हो गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे हिंदू समुदाय का ”अपमान” करार दिया.

शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे एक व्यक्ति मुथ्यलम्मा मंदिर में घुसा और मूर्ति को आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया. इस घटना के संबंध में आरोपी व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है.
अधिकारी ने कहा, ”सीसीटीवी फुटेज के अनुसार मंदिर में केवल एक व्यक्ति ही घुसा था. हमें जानकारी मिली कि मंदिर में मूर्ति को उसके स्थान से उठाने के बाद उसे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया गया. कुछ स्थानीय लोगों ने जब यह देखा तो उस व्यक्ति को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया.” पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने व्यक्ति की कथित तौर पर पिटाई की और उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अधिकारी ने कहा कि वे घटना के मकसद का पता लगाने की प्रक्रिया में हैं तथा आगे की जांच जारी है. मंदिर के पास बड़ी संख्या में एकत्र लोगों ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए. रेड्डी ने मुथ्यलम्मा मंदिर का दौरा किया और घटना की गहन जांच की मांग की.

रेड्डी ने दावा किया, ”आज तड़के मुस्लिम समुदाय से जुड़े एक व्यक्ति ने मंदिर में घुसकर प्राचीन मुथ्यलम्मा मंदिर की मूर्तियों को तोड़ने और नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. माता की मूर्ति को उठाने के बाद उसने उसे भी नष्ट करने का प्रयास किया.” केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि शहर में नवरात्रि के दौरान हिंदू विरोधी ताकतों द्वारा विभिन्न मंदिरों और पंडालों में देवी दुर्गा की मूर्तियों को ”नष्ट” करने की कई घटनाएं राज्य सरकार की लापरवाही तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उसकी विफलता को दर्शाती हैं.

उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोगों के साथ मिलीभगत करके कुछ लोग जानबूझकर हैदराबाद में तनाव पैदा करने और सांप्रदायिक दंगे कराने के लिए इस तरह की हरकतें कर रहे हैं. किशन रेड्डी ने कहा कि वह इस मुद्दे को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के समक्ष उठाएंगे. इस बीच, पुलिस ने उस समय भाजपा नेता माधवी लता और अन्य दक्षिणपंथी संगठनों के कुछ सदस्यों को एहतियातन हिरासत में ले लिया, जब उन्होंने विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश की. मंदिर के पास बड़ी संख्या में पुलिसर्किमयों को तैनात किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu