भारत ने पाकिस्तान के दावे को बताया हास्यास्पद, कहा- श्रीलंका राहत उड़ान को समय पर दी थी मंजूरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 Dec 2025 10:56 PM
भारत ने पाकिस्तान के दावे को बताया हास्यास्पद, कहा- श्रीलंका राहत उड़ान को समय पर दी थी मंजूरी

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत ने मंगलवार को पाकिस्तान के उस दावे को ”हास्यास्पद” करार देते हुए खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि नयी दिल्ली ने चक्रवात-प्रभावित श्रीलंका को मानवीय सहायता भेजने के लिए पाकिस्तान को भारतीय हवाई क्षेत्र के उपयोग की अनुमति देने से इनकार कर दिया.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ”हम पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी इस हास्यास्पद बयान को खारिज करते हैं, जो भारत-विरोधी भ्रामक सूचना फैलाने का एक और प्रयास है.” उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी विमान के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र के उपयोग की अनुमति का अनुरोध भारतीय उच्चायोग, इस्लामाबाद को सोमवार दोपहर लगभग एक बजे प्राप्त हुआ था.

जायसवाल ने कहा, ”मानवीय सहायता की तात्कालिक आवश्यकता को देखते हुए भारत सरकार ने इस अनुरोध को उसी दिन प्राथमिकता के आधार पर निपटाया और पाकिस्तान द्वारा दी गई प्रस्तावित समयसारिणी के अनुरूप एक दिसंबर को शाम 5:30 बजे हवाई क्षेत्र के उपयोग की अनुमति प्रदान कर दी.” मीडिया के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा, ”भारत इस चुनौतीपूर्ण समय में सभी उपलब्ध माध्यमों से श्रीलंका के लोगों की सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है.” पाकिस्तान ने इससे कुछ घंटे पहले आरोप लगाया था कि श्रीलंका के लिए उसके राहत अभियान में भारत के ”सहयोग की कमी” के कारण बाधा आ रही है, क्योंकि भारत उसके विमान को अपने हवाई क्षेत्र से गुजरने की ”अनुमति देने में देरी” कर रहा है.

By Yogesh Kumar Sahu