भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 29 मई को आईएसएस के लिए रवाना होंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Apr 2025 10:55 PM
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 29 मई को आईएसएस के लिए रवाना होंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ‘एक्सिओम स्पेस’ 29 मई को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित केनेडी अंतरिक्ष केंद्र से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए अपना चौथा मिशन ‘एएक्स-4’ रवाना करेगा, जिसमें भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी शामिल होंगे. ‘एक्सिओम स्पेस’ ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की. राकेश शर्मा के बाद शुक्ला अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय होंगे. राकेश शर्मा ने लगभग चार दशक पहले तत्कालीन सोविय संघ के सोयूज अंतरिक्ष यान से अंतरिक्ष की उड़ान भरी थी.

‘एएक्स-4’ के चालक दल में शुक्ला के अलावा पोलैंड और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री भी शामिल होंगे. यह 40 साल से अधिक समय में सरकार प्रायोजित दूसरा मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन है और इसके तहत भारत, पोलैंड और हंगरी का कोई अंतरिक्ष यात्री पहली बार आईएसएस में कदम रखेगा.

‘एएक्स-4’ के चालक दल में शामिल यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) के स्लावोज उज्नान्स्की 1978 के बाद अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले पोलैंड के दूसरे अंतरिक्ष यात्री होंगे. वहीं, तिबोर कापु 1980 के दशक के बाद अंतरिक्ष में कदम रखने वाले हंगरी के दूसरे अंतरिक्ष होंगे.

अमेरिका की पेगी व्हिटसन ‘एएक्स-4’ के रूप में अपने दूसरे वाणिज्यिक मानव अंतरिक्ष मिशन का नेतृत्व करेंगी. इससे उनके नाम दर्ज अंतरिक्ष में सबसे लंबे समय तक रहने वाली अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री का रिकॉर्ड और मजबूत हो जाएगा. ‘एएक्स-4’ का चालक दल स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान के जरिये अंतरिक्ष की उड़ान भरेगा. यह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 14 दिन तक विभिन्न प्रयोग करेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu