प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के हित पूरी तरह सुरक्षित : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Jul 2025 08:47 PM
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के हित पूरी तरह सुरक्षित : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पांच देशों की यात्रा के दौरान भारत ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं. पार्टी ने इस बात पर जोर दिया कि इस यात्रा के दौरान ‘ब्रिक्स’ में आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट सहमति बनी, महत्वपूर्ण एवं दुर्लभ खनिज संसाधनों के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर हुए तथा प्रवासी भारतीयों के साथ संबंध प्रगाढ़ हुए.

पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने ‘ब्रिक्स’ सदस्य देशों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी को अधिक तवज्जो नहीं दी और कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत अपने सैन्य, कूटनीतिक और व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि ब्रिक्स सदस्यों पर अतिरिक्त शुल्क लगाना अमेरिका का आंतरिक मामला है और भारत व्यापार समझौते के लिए ‘ब्रिक्स’ के साथ बातचीत कर रहा है.

उन्होंने कहा, “लोगों को पूरा विश्वास है कि मोदी के नेतृत्व में हर परिस्थिति में हर भारतीय हित की पूरी सुरक्षा की जाती है.” सप्ताह भर के दौरे के बाद बृहस्पतिवार सुबह प्रधानमंत्री के भारत लौटने पर, भाजपा नेता और राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की भूमिका के लिए एक नए युग की शुरुआत की है. उन्होंने कहा कि ‘ग्लोबल साउथ’ के साथ भारत का तालमेल नयी ऊंचाइयों पर पहुंच गया है.

‘ग्लोबल साउथ’ का संदर्भ दुनिया के आर्थिक रूप से कम संपन्न देशों के लिए दिया जाता है. त्रिवेदी ने कहा कि मोदी को अब तक 27 देशों से सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुका है और उन्होंने 17 देशों की संसदों को संबोधित किया है. उन्होंने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री मोदी का ही नहीं, बल्कि हर भारतीय का सम्मान है. उन्होंने 27 नक्षत्रों में हिंदू पारंपरिक विश्वास का उल्लेख किया और कहा कि इतने सारे देशों द्वारा मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान प्रदान करना भारत की उभरती ताकत और स्वीकार्यता का एक शानदार प्रतिबिंब है.

मोदी ने घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राज.ील और नामीबिया का दौरा किया. त्रिवेदी ने कहा कि भारत, कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान सबसे कमजोर स्थिति में था लेकिन आज उससे निकलकर ब्रिक्स का सबसे प्रतिभाशाली सदस्य बन गया है.

उन्होंने कहा कि भारत एकमात्र ऐसा देश है जो ‘ब्रिक्स’ के साथ ‘क्वाड’ का भी सदस्य है, और यह दर्शाता है कि मोदी के नेतृत्व में इसकी विदेश नीति एक नए दौर में प्रवेश कर चुकी है. उन्होंने कहा कि यह गुटनिरपेक्ष से सर्व-गठबंधन बन गया है. त्रिवेदी ने परोक्ष रूप से चीन का संदर्भ देते हुए कहा कि घाना और नामीबिया के साथ भारत का समझौता, जिनके पास महत्वपूर्ण और दुर्लभ खनिजों के बड़े भंडार हैं, उसे अपने विकास के लिए इन महत्वपूर्ण खनिजों को प्राप्त करने में मदद करेगा तथा एक देश पर निर्भरता को समाप्त करेगा.

उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत अब चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और इसके आर्थिक और रणनीतिक हित उनकी उपलब्धता पर निर्भर करेंगे. उन्होंने कहा कि इस यात्रा की एक अन्य उपलब्धि घाना और त्रिनिदाद एवं टोबैगो जैसे देशों के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देना है, जहां भारतीय प्रवासियों की महत्वपूर्ण उपस्थिति है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu