ईरान : मेट्रो ट्रेन घटना के बाद दम तोड़ने वाली लड़की के अंतिम संस्कार में शामिल मानवाधिकार कार्यकर्ता गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 09:57 PM
ईरान : मेट्रो ट्रेन घटना के बाद दम तोड़ने वाली लड़की के अंतिम संस्कार में शामिल मानवाधिकार कार्यकर्ता गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

दुबई. तेहरान में कुछ हफ्ते पहले मेट्रो ट्रेन में रहस्यमयी घटना में घायल हुई किशोरी की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार में शामिल एक मानवाधिकार कार्यकर्ता को ईरान के अधिकारियों ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया. देश के सुरक्षा बलों की तरफ झुकाव रखने वाली अर्ध-आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘फार्स’ की खबर में कहा गया है कि अधिकारियों ने ईरान में अनिवार्य रूप से हिजाब पहनने के कानून का उल्लंघन करने के आरोप में नसरीन सोतौदेह को हिरासत में लिया है. नसरीन पेशे से वकील हैं.

कई अन्य ईरानी समाचार संगठनों ने अपनी खबर में बताया कि तेहरान मेट्रो में कुछ सप्ताह पहले हिजाब पहने बिना सवार होने के चंद मिनट बाद एक रहस्यमयी घटना में घायल हुई अरमिता गेरावंड की कई हफ्तों तक कोमा में रहने के बाद मौत हो गई थी. खबरों के मुताबिक, रविवार सुबह अरमिता के अंतिम संस्कार में कई गिरफ्तारियां हुईं.

शनिवार को 60 वर्षीय सोतौदेह ने अरमिता की मौत को ”एक और हत्या” करार दिया था. वह ईरान में मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं के अलावा हिजाब का विरोध करने वाली महिलाओं का मुकदमा लड़ने के लिए जानी जाती हैं. अरमिता की मौत से करीब एक साल पहले महसा अमीनी नाम की युवती की ईरान पुलिस की हिरासत में मौत हो गई थी. अमीनी की मौत के बाद देश में व्यापक स्तर पर प्रदर्शन हुए थे. अमीनी को अनुचित तरीके से हिजाब पहनने के आरोप में नैतिकता पुलिस ने हिरासत में लिया था.

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि एक अक्टूबर को अरमिता के मेट्रो ट्रेन में प्रवेश करने के कुछ सेकंड के भीतर उसके साथ क्या हुआ. अरमिता के एक दोस्त ने ईरान के सरकारी टेलीविजन को बताया कि अरमिता ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर अपना सिर दे मारा था. इसके कुछ सेकंड बाद उसे घायल अवस्था में वहां से ले जाया गया था.

सरकारी टेलीविजन की खबर में ट्रेन के अंदर का कोई फुटेज शामिल नहीं है और इस पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है कि फुटेज जारी क्यों नहीं किया गया. तेहरान मेट्रो की अधिकांश ट्रेन के डब्बों में कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनके फुटेज सुरक्षाकर्मी देख सकते हैं. अरमिता के माता-पिता को सरकारी मीडिया पर प्रसारित फुटेज में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि संभवत: रक्तचाप में गिरावट के कारण उनकी बेटी गिर पड़ी और इसी के कारण वह घायल हुई होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu