लालू यादव पर फिल्म बनाना शानदार होगा लेकिन मैं ऐसा नहीं कर रहा : प्रकाश झा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Dec 2023 07:17 PM
लालू यादव पर फिल्म बनाना शानदार होगा लेकिन मैं ऐसा नहीं कर रहा : प्रकाश झा
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. मशहूर फिल्म निर्माता प्रकाश झा ने अटकलों पर विराम लगाते हुए बुधवार को कहा कि वह न तो बिहार के वरिष्ठ नेता लालू प्रसाद यादव पर कोई फिल्म बना रहे हैं और न ही इसे बनाने की प्रक्रिया से किसी भी रूप में जुड़े हैं. राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित निर्देशक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि बॉलीवुड केवल व्यावसायिक सिनेमा में रुचि रखता है न कि विभिन्न क्षेत्रों या समाज के पहलुओं में.

प्रकाश झा प्रोडक्शन्स के बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री पर आगामी फिल्म बनाने के संबंध में आई खबरों के बारे में पूछने पर फिल्म निर्माता ने कहा, “मुझे कोई जानकारी नहीं है. मैंने भी इसके बारे में सुना है. मैंने कहीं पढ़ा भी है कि मैं महान इंसान, राजनेता और रणनीतिकार लालू प्रसाद यादव जी पर एक फिल्म बना रहा हूं.” झा ने कहा, ”यह शानदार विषय होगा लेकिन मैं इससे जुड़ा नहीं हूं.” राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कुछ नेताओं द्वारा इस पर टिप्पणी किए जाने के बाद कई दिनों से झा द्वारा यादव पर एक फिल्म की बनाने की खबरें आती रहीं.

फिल्म निर्माता से इस बारे में पूर्व में भी पूछा गया था लेकिन उन्होंने न तो इसकी पुष्टि की और न ही इससे इंकार किया था. यह पहली बार है जब उन्होंने इस तरह की किसी योजना से खुद को अलग बताया है. झा ने अपनी आगामी परियोजनाओं को लेकर कहा, “हमने अभी ‘संकल्प’ शीर्षक की एक वेब सीरीज पूरी की है जो अगले वर्ष के शुरु में रिलीज हो सकती है.” उन्होंने कहा, “मैं एक और वेब सीरीज पर काम कर रहा हूं. इसके लिए मैंने प्रतिबद्धता जताई थी जो ‘हाफ लायन’ नाम की किताब पर आधारित है. यह भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव के जीवन पर है.” झा ने इसके साथ ही कहा कि फिल्म और वेब सीरीज का निर्माण जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए.

फिल्म निर्माता ने कहा कि फिल्मों को प्रमाणपत्र देने वालों की तुलना में समाज ”कहीं अधिक मजबूत” है. उन्होंने फिल्मों या वेब सीरीज की सेंसरशिप की निंदा की लेकिन कहा कि इनका निर्माण ”जिम्मेदारी” के साथ होना चाहिए. उन्होंने कहा, “मैंने कभी भी सेंसरशिप का समर्थन नहीं किया है, क्योंकि समाज उन व्यक्तियों के समूह से कहीं अधिक मजबूत है जो यह तय करते हैं कि समाज को क्या देखना चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu