जम्मू कश्मीर : सेना ने बलिदान जवानों को दी श्रद्धांजलि

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Dec 2023 07:22 PM
जम्मू कश्मीर : सेना ने बलिदान जवानों को दी श्रद्धांजलि
ऑडियो सुनें

राजौरी/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के राजौरी में रविवार को उन चार सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित की गई, जो नजदीकी पुंछ जिले में आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में बलिदान हो गए थे. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मौके से फरार आतंकवादियों को पकड़ने के लिए घटनास्थल के पास तलाशी अभियान जारी है, जबकि रविवार को दूसरे दिन भी दोनों जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहीं.

उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी की अगुवाई में एक सैन्य शिविर में नायक बीरेंद्र सिंह, नायक करण कुमार, राइफलमैन गौतम कुमार और राइफलमैन चंदन कुमार को पुष्पांजलि अर्पित की गई. जम्मू स्थित व्हाइट-नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन, राजौरी के उपायुक्त विकास कुंदल, राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमृतपाल सिंह और सेना के अन्य अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की.

लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी ने इस दौरान बलिदान सैनिकों के परिजनों से बातचीत भी की. बाद में, सैनिकों के पार्थिव शरीरों को उत्तराखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में उनके गृहनगर भेज दिया गया. पुंछ जिले में बृहस्पतिवार को सैन्यर्किमयों को ले जा रहे वाहनों पर सुरनकोट थाना क्षेत्र में ढेरा की गली और बुफलियाज के बीच धत्यार मोड़ पर आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में चार सैनिक शहीद हो गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu