झूलन की जगह भरना नामुमकिन, क्रिकेट के प्रति उनका जुनून बेजोड़ : हरमनप्रीत

बेंगलुरू. भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने क्रिकेट में झूलन गोस्वामी के योगदान को याद करते हुए कहा कि इस अनुभवी तेज गेंदबाज का खेल के प्रति जुनून बेजोड़ है और टीम में कोई भी उनकी जगह नहीं भर सकता है. पिछले दो दशक से भारतीय गेंदबाजी की अगवा रही 39 वर्षीय झूलन 24 सितंबर को इंग्लैंड के खिलाफ लार्ड्स में तीसरा और अंतिम एकदिवसीय मैच खेल कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगी. झूलन के नाम पर अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है.

हरमनप्रीत ने टीम के इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होने की पूर्व संध्या पर मीडिया से बातचीत में कहा,‘‘ वह प्रत्येक मैच में उसी तरह के जुनून के साथ उतरती हैं जो कि बेजोड़ है. कोई उनका मुकाबला नहीं कर सकता.’’ हरमनप्रीत ने विश्व कप 2009 में पाकिस्तान के खिलाफ झूलन की कप्तानी में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था. उनकी इस दिग्गज भारतीय तेज गेंदबाज के साथ कई यादें जुड़ी हैं जिनके नाम पर 201 वनडे में रिकॉर्ड 252 विकेट दर्ज हैं. झूलन इस प्रारूप में 200 से अधिक विकेट लेने वाली एकमात्र गेंदबाज हैं.

हरमनप्रीत ने कहा,‘‘ जब मैंने पदार्पण किया था तब वह कप्तान थी. यह मेरे लिए शानदार अवसर है कि जब वह अपना अंतिम वनडे खेलेंगी तो मैं कप्तानी का जिम्मा संभालूंगी. जब मुझे टीम में जगह मिली तो वह एकमात्र खिलाड़ी थी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करती थी. मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा. कोई भी उनकी जगह नहीं ले सकता है.’’

उन्होंने कहा,‘‘ वह एक ऐसी खिलाड़ी हैं जो हमेशा एक ही तरह का प्रयास करती हैं. वह दो-तीन घंटे गेंदबाजी करती हैं. वह अब भी उसी तरह की कड़ी मेहनत करती हैं जैसे कि अपने शुरुआती दिनों में किया करती थी.’’ हरमनप्रीत ने कहा,‘‘ आपको शायद ही कोई ऐसी गेंदबाज दिखे जो उनकी तरह नेट पर कड़ी मेहनत करता हो. क्रिकेट के प्रति उनमें जिस तरह का जुनून है वह किसी में नहीं है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक क्रिकेटर के तौर पर और एक व्यक्ति के रूप में मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा. वह हम सभी के लिए बहुत अच्छा उदाहरण हैं. देश में कई खिलाड़ियों ने उनको खेलते हुए देखकर यह खेल अपनाया.’’ झूलन ने इस साल मार्च में न्यूजीलैंड में खेले गए वनडे विश्व कप में हिस्सा लिया था लेकिन वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के अंतिम ग्रुप मैच से पहले चोटिल हो गई थी. इस कारण वह जुलाई में श्रीलंका दौरे पर भी नहीं जा पाई थी.

झूलन ने 2002 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था. उन्होंने 2018 में टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. इस तेज गेंदबाज ने अपना आखिरी टेस्ट मैच अक्टूबर 2021 में खेला था. झूलन ने कुल मिलाकर 12 टेस्ट, 68 टी20 अंतरराष्ट्रीय और 201 वनडे खेले हैं. उन्होंने छह विश्वकप में भाग लिया है. र्बिमंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम इंग्लैंड दौरे की शुरुआत नौ सितंबर को टी20 मैच से करेगी. भारतीय टीम तीन टी20 मैच खेलने के बाद इतने ही वनडे मैचों की श्रृंखला खेलेगी.

भारत लॉर्ड्स में झूलन के आखिरी एकदिवसीय मैच से पहले होव (18 सितंबर) और कैंटरबरी (21 सितंबर) में वनडे मैच खेलेगा.
हरमनप्रीत ने कहा की झूलन के लिए यह अवसर विशेष बनाने के लिए टीम अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेगी. उन्होंने कहा,‘‘ हम इस बारे में बात कर रहे हैं कि यह उनका आखिरी टूर्नामेंट है. यह उनके लिए और हमारे लिए बेहद खास है. हम उनके लिए इसे यादगार बनाने की पूरी कोशिश करेंगे.’’

स्लॉग ओवरों में ‘पावर हिटर्स’ की कमी पूरा कर सकती हैं किरण प्रभु और हेमलता

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को कहा कि इंग्लैंड के सीमित ओवरों के दौरे के लिए पहली बार टीम में चुनी गई किरण प्रभु नवगीरे और दयालन हेमलता स्लॉग ओवरों में ‘पावर हिटर्स’ की कमी को पूरा कर सकते हैं. किरण प्रभु ने मई में महिला टी20 चैलेंज में सबसे तेज अर्धशतक जमाया था. उन्हें तीन टी20 मैचों के लिए पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है. आॅफ स्पिन आॅलराउंडर हेमलता ने घरेलू स्तर पर शानदार प्रदर्शन के दम पर दो साल बाद टीम में वापसी की है. उन्हें इंग्लैंड दौरे की टी20 और वनडे दोनों टीम में चुना गया है.

हरमनप्रीत ने टीम की रवानगी से पहले मीडिया से वर्चुअल बातचीत में कहा,‘‘ हमने टीम में दो नई बल्लेबाज किरण और हेमलता को जोड़ा है. हम इन दो खिलाड़ियों के विशेष कौशल का उपयोग कर सकते हैं. वे टीम के लिए काफी उपयोगी हो सकती हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके पास ताकत है, उनके पास कौशल है. हम उनके कौशल को निखारने में मदद कर सकते हैं जिससे टीम उस कमी की भरपाई कर सकती है जो कि अभी उसमें दिखती है.’’ महाराष्ट्र की किरण घरेलू स्तर पर नगालैंड की तरफ से खेलती हैं. उन्होंने सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ नाबाद 162 रन बनाकर लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा था. इसके बाद उन्हें महिला टी20 चैलेंज के लिए वेलोसिटी की टीम ने लिया था.

हेमलता ने भारत की तरफ से अपना आखिरी टी20 मैच 2019 में खेला था. उन्होंने घरेलू प्रतियोगिताओं में टी20 में 272 रन बनाए.
हरमनप्रीत ने कहा,‘‘ उन्होंने घरेलू स्तर पर जिस तरह की बल्लेबाजी की है उसे मैंने देखा है. यह उनके लिए कुछ खास करने का सही मंच है जिसकी टीम में अभी कमी है. आप किसी भी प्रारूप में खेल रहे हो आपको कम से कम छह बल्लेबाजों की जरूरत पड़ती है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम में इस तरह के बल्लेबाजों की कमी थी लेकिन अब हमने दो अतिरिक्त बल्लेबाज (किरण और हेमलता) को टीम से जोड़ दिया है. हम उन्हें मौका देना चाहते हैं.’’ भारत के इंग्लैंड दौरे की शुरुआत 10 सितंबर को होगी और इसमें तीन टी-20 और इतने ही वनडे मैच खेले जाएंगे. अगले साल फरवरी में टी-20 विश्व कप है और हरमनप्रीत ने कहा कि इसे देखते हुए टीम प्रबंधन प्रत्येक खिलाड़ी को अधिक से अधिक मौका देना चाहता है.

उन्होंने कहा,‘‘मैं वास्तव में युवा खिलाड़ियों को मौका देना को लेकर उत्साहित हूं जिन्होंने अभी टीम में जगह बनाई है. सभी खिलाड़ियों को समान मौका देना महत्वपूर्ण है. हमारे पास 30 खिलाड़ियों का अच्छा समूह है.’’ हरमनप्रीत ने कहा,‘‘ विश्व कप से पहले अगर उन खिलाड़ियों को समान मौके मिल सकते हैं तो फिर आपके पास टीम चयन के लिए उचित आइडिया होगा. हम निश्चित तौर पर नहीं चीजों को आजमाएंगे और साथ ही एक अच्छी टीम तैयार करने के लिए समान मौके भी देंगे.’’ भाषा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button