जेपी नड्डा ने नोएडा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ की विशेष बैठक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Jun 2023 07:48 PM
जेपी नड्डा ने नोएडा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ की विशेष बैठक
ऑडियो सुनें

नोएडा. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने बुधवार को नोएडा में पश्चिम उत्तर प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ‘टिफिन बैठक’ की. भाजपा इकाई के नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि ‘टिफिन बैठक’ अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की जनता तक पहुंचने का विशाल कार्यक्रम है.

गुप्ता ने बताया कि बैठक में भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष पंकज सिंह, गौतमबुद्ध नगर से सांसद महेश शर्मा और राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे. अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बारे में पूछने पर नड्डा ने संवाददाताओं से कहा, ” हम हमेशा तैयार रहते हैं. हमने कई कदम उठाए हैं. इसलिए वर्ष 2024 (लोकसभा) चुनाव हो या उससे पहले के चुनाव हम तैयार हैं.”

उन्होंने कहा, ”हमने अपने पुराने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी बुलाया है. ऐसे टिफिन बैठकें समय-समय पर होती रहेंगी. यह भाजपा के कार्य करने की शैली का हिस्सा बन रही है जिससे कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता की भावना पैदा होगी.” भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुझावों पर गौर करते हुए अपनी बैठकों को ‘टिफिन बैठको” में तब्दील किया है.

उन्होंने कहा, ”हम अपने-अपने घरों से टिफिन लाएंगे और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ साझा करेंगे. इस दौरान पार्टी को मजबूत करने और प्रधानमंत्री मोदी की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने को लेकर समूह चर्चा की जाएगी साथ ही पार्टी की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की जाएगी.”

भाजपा प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि यह जनसपंर्क अभियान जून में उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में भी चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठककर भाजपा के सुशासन और जनहितैषी पहलों को बेहतर तरीके से लागू करने के बारे में चर्चा करने की भी योजना है.

भाजपा नेता पंकज सिंह ने कहा कि टिफिन बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने खाना साझा किया और संदेश दिया कि कैसे भाजपा अन्य दलों से अलग है. नोएडा से विधायक सिंह ने कहा,”हमारी कार्यशैली अलग है. हम सभी बिना किसी विभाजन के मिलकर काम करते हैं… फिर चाहे पार्टी अध्यक्ष हों या बूथ स्तर का कार्यकर्ता. सभी के समान संकल्प हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu