लालू प्रसाद को फिर से एम्स लाया गया, सामान्य वार्ड में भर्ती किया गया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 23 Mar 2022 07:08 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली.  राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता लालू प्रसाद को तड़के करीब तीन बजे यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से छुट्टी दिये जाने के बाद बुधवार को दोपहर में फिर से अस्पताल लाया गया और एक सामान्य वार्ड में भर्ती किया गया. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी.

प्रसाद (73) को रात भर निगरानी में रखने के बाद एम्स से छुट्टी दे दी गई थी. झारखंड की राजधानी रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट आॅफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद, वहां के एक मेडिकल बोर्ड ने उन्हें एम्स ले जाने का सुझाव दिया था. इसके बाद प्रसाद को मंगलवार रात करीब नौ बजे एम्स, दिल्ली में भर्ती किया गया था.

बुधवार को सुबह एक सूत्र ने कहा, ‘‘प्रसाद को रात भर आपातकालीन विभाग में निगरानी में रखा गया. उनके स्वास्थ्य का आकलन किया गया और तड़के करीब तीन बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी.’’ सूत्र ने कहा कि उन्हें दोपहर करीब साढ़े बारह बजे फिर से आपातकालीन विभाग लाया गया और नेफ्रोलॉजी (किडनी रोग) विभाग के प्राध्यापक डॉ डी. भौमिक की निगरानी में एक सामान्य वार्ड में भर्ती किया गया.

लालू प्रसाद को एक विशेष सीबीआई अदालत ने चारा घोटाले के तहत डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये का गबन करने के मामले में दोषी करार देने के बाद 21 फरवरी को पांच वर्ष की कैद तथा 60 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनायी थी. राजद नेता किडनी रोग सहित कई बीमारियों से ग्रसित हैं. उनके इलाज के लिए रांची के रिम्स में गठित चिकित्सकों की सात सदस्यीय टीम का नेतृत्व कर रहे डॉ. विद्यापति ने मंगलवार को कहा था, ‘‘उनका गुर्दा (किडनी) 15-20 प्रतिशत ही काम कर रहा है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav