वेस्ट बैंक में इजराइल के हमले में नौ लोगों की मौत : फलस्तीनी अधिकारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Aug 2024 07:51 PM
वेस्ट बैंक में इजराइल के हमले में नौ लोगों की मौत : फलस्तीनी अधिकारी
ऑडियो सुनें

यरुशलम. इजराइल ने बुधवार को वेस्ट बैंक में हमले किए जिसमें कम से कम नौ फलस्तीनियों की मौत हो गयी और उसकी सेना ने संवेदनशील जेनिन शहर को घेर लिया है. फलस्तीनी अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इजराइल ने सात अक्टूबर को हमास के हमले के बाद से लगभग हर दिन वेस्ट बैंक पर हमले किए हैं.

फलस्तीनी आतंकवादी समूहों ने कहा कि इजराइली सेना के साथ उनकी मुठभेड़ जारी है. जेनिन के गवर्नर कमाल अबू अल-रब ने फलस्तीनी रेडियो से कहा कि इजराइली बलों ने शहर को घेर लिया है, निकासी और प्रवेश बिन्दुओं को बंद कर दिया है तथा अस्पतालों तक पहुंच को अवरुद्ध कर दिया है. वेस्ट बैंक में फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजराइली बलों ने एक अस्पताल तक जाने वाली सड़कों को अवरुद्ध कर दिया है और जेनिन में अन्य चिकित्सा केंद्रों की घेराबंदी कर दी है.

इजराइली सेना ने वेस्ट बैंक के जेनिन और तुल्कारिम शहरों में अभियान चलाने की पुष्टि की है लेकिन और कोई जानकारी नहीं दी.
इजराइल के विदेश मंत्री इजराइल काट्ज ने गाजा के साथ तुलना करते हुए वेस्ट बैंक में भी इसी तरह के कदम उठाने का आह्वान किया.

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”हमें खतरे से उसी तरह निपटना चाहिए जैसे कि हम गाजा में आतंकवादी बुनियादी ढांचे से निपटे थे जिनमें फलस्तीनी निवासियों को अस्थायी रूप से हटाना और हर आवश्यक कदम उठाना शामिल है. यह हर तरह से एक युद्ध है और हमें इसे जीतना होगा.” हमास ने वेस्ट बैंक में फलस्तीनियों से इसके खिलाफ खड़े होने का आह्वान करते हुए कहा कि ये हमले गाजा में युद्ध का विस्तार करने की एक बड़ी योजना का हिस्सा हैं और उसने युद्ध में इजराइल के लिए अमेरिकी समर्थन को जिम्मेदार ठहराया.

फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गाजा में 10 महीने से अधिक समय पहले युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक इजराइली सेना ने वेस्ट बैंक में 600 से अधिक फलस्तीनियों को मार गिराया है. इजराइल का कहना है कि हमास तथा अन्य आतंकवादी समूहों का खात्मा करने तथा इजराइलियों पर हमले रोकने के लिए इस अभियान की आवश्यकता है.

फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि वेस्ट बैंक के एक अन्य शहर तुबास में बुधवार को तड़के सात लोगों और जेनिन में दो लोगों की मौत हो गयी. मंत्रालय ने जेनिन में मारे गए लोगों की पहचान कासिम जबरीन (25) और आसिम बलूत (39) के रूप में की है.
इजराइल ने 1967 के युद्ध में वेस्ट बैंक, गाजा और पूर्वी यरुशलम पर कब्जा जमाया था. फलस्तीनी, भविष्य में एक देश के लिए ये तीनों स्थान वापस चाहते हैं. इजराइल ने वेस्ट बैंक में सैकड़ों बस्तियां बनायी है जहां 5,00,000 से अधिक यहूदी रहते हैं. उनके पास इजराइली नागरिकता है जबकि वेस्ट बैंक में 30 लाख फलस्तीनी इजराइली सेना के शासन में रहते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu