उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Oct 2024 07:32 PM
उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पिछले सप्ताह पदभार संभालने के बाद राष्ट्रीय राजधानी के अपने पहले दौरे के दौरान बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की. केंद्र शासित प्रदेश में हाल के विधानसभा चुनाव में अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 90 विधानसभा सीट में से 42 सीट प्राप्त कर अपनी सरकार बनाई है. चुनाव में पार्टी का कांग्रेस के साथ गठबंधन था.

नयी सरकार ने अपनी पहली मंत्रिमंडल बैठक में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का आग्रह किया. बाद में, इस प्रस्ताव को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी मंजूरी दे दी थी. अधिकारियों के अनुसार, जम्मू कश्मीर को पुन: राज्य का दर्जा दिए जाने संबंधी प्रयासों को क्षेत्र के निवासियों की विशिष्ट पहचान की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है.

मंत्रिमंडल के अनुमोदन के बाद मुख्यमंत्री को जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की पैरवी करने के लिए प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के साथ बातचीत करने का अधिकार दिया गया है. अब्दुल्ला की मोदी से मुलाकात प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों द्वारा गांदरबल जिले के गगनगीर में सात लोगों की गोली मारकर हत्या किए जाने के चार दिन बाद हुई है. इस आतंकी हमले में एक स्थानीय डॉक्टर और छह गैर-स्थानीय श्रमिक मारे गए थे.

इससे पहले दिन में, अब्दुल्ला ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके कार्यालय में मुलाकात की. अधिकारियों ने बताया कि बैठक के दौरान अब्दुल्ला ने गडकरी को जम्मू-कश्मीर में सड़क संपर्क परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी.
मुख्यमंत्री ने गडकरी को पारंपरिक कश्मीरी शॉल भेंट की. अब्दुल्ला ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और यह करीब 30 मिनट तक हुई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu