विपक्षी सांसदों को संसद से बाहर फेंक दिया, उस पर चर्चा नहीं हो रही: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Dec 2023 08:13 PM
विपक्षी सांसदों को संसद से बाहर फेंक दिया, उस पर चर्चा नहीं हो रही: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी द्वारा नकल किए जाने से संबंधित विवाद को लेकर बुधवार को कहा कि विपक्ष के करीब 150 सांसदों को संसद से बाहर फेंक दिया गया, लेकिन इस पर कोई चर्चा नहीं हो रही है.

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने संसद परिसर में उनकी, तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद द्वारा नकल उतारे जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए उच्च सदन में कहा कि संसद परिसर में उनकी नकल उतारकर किसान समाज और उनकी जाति (जाट) का अपमान किया गया है. राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ”अपमान किसने किया, कैसे किया? वहां सांसद बैठे थे, मैंने उनका वीडियो लिया. मेरा वीडियो मेरे फोन में ही है. मीडिया दिखा रहा है, मीडिया कह रहा है, मोदी जी कह रहे हैं, किसी और ने कुछ नहीं कहा.”

उन्होंने क्षोभ जताते हुए यह भी कहा, ”हमारे करीब 150 सांसदों को संसद से बाहर फेंक दिया, उस पर कोई चर्चा नहीं हो रही है. अडाणी जी पर कोई चर्चा नहीं हो रही है, राफेल पर फ्रांस ने कहा है कि जांच की अनुमति नहीं मिल रही है, इस पर कोई चर्चा नहीं हो रही है. बेरोजगारी पर कोई चर्चा नहीं हो रही है. हमारे सांसद दुखी हैं, वहां बैठे हैं,उसको लेकर आप चर्चा कर रहे हैं.”

सांसदों के निलंबन से ध्यान भटकाने के लिए हताशा भरा प्रयास किया जा रहा : कांग्रेस

कांग्रेस ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी द्वारा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की नकल करने उतारे जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के हमले पर बुधवार को यह कहते हुए पलटवार किया कि यह मुद्दा उठा कर 140 से अधिक सांसदों के निलंबन से ध्यान भटकाने के लिए ”हताशा भरा प्रयास” किया जा रहा है.

मुख्य विपक्षी दल ने भाजपा पर उस समय निशाना साधा है जब उपराष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को फोन किया और संसद परिसर में कुछ सांसदों के ‘अशोभनीय आचरण’ पर अत्यंत दुख व्यक्त किया.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि ‘मिमिक्री’ (नकल उतारने) का मुद्दा उठाकर 142 सांसदों के निलंबन से ध्यान भटकाने के अंधाधुंध प्रयास हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि संसद के इतिहास में आज तक कभी भी इतने बड़े पैमाने पर सांसदों का निलंबन नहीं हुआ है.

रमेश ने 2018 में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को गले लगाने के बाद लोकसभा में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए भाषण की एक वीडियो क्लिप साझा की और कहा, ”मिमिक्री की बात करने वाले ज.रा याद करें कि किसने किसकी मिमिक्री की थी और वह भी लोकसभा में?” निलंबित सांसदों ने बुधवार को संसद के नए भवन के मकर द्वार पर धरना दिया था. इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा के सभापति और लोकसभा के अध्यक्ष द्वारा, सदनों की कार्यवाही का संचालन किए जाने की नकल उतारी थी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बनर्जी द्वारा कार्यवाही के संचालन की नकल किए जाने का मोबाइल फोन से वीडियो बनाते देखे गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu