प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति की संस्कृति बदली: नड्डा

जयपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति की संस्कृति बदल दी है और रिपोर्ट कार्ड की राजनीति शुरू की है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों का मकसद केवल लूट, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण करना है. वह यहां बिड़ला ऑडिटोरियम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने कहा,”प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति की संस्कृति बदली है. कांग्रेस पार्टी ने लंबे समय तक राज किया. लेकिन उसका राज ऐसा था कि वादे करो, फिर उसे भूल जाओ तथा जनता से नए और लुभावने वादे कर अगले चुनाव में खड़े हो जाओ. यही संस्कृति थी. लेकिन मोदी जी ने इस संस्कृति को बदला और रिपोर्ट कार्ड की राजनीति शुरू की.”

नड्डा ने कहा,” (हमने) जो कहा है, वह करेंगे. अब तो यह संस्कृति आ गई है कि (हमने) जो कहा, वह तो किया ही, जो नहीं कहा, वह भी करके दिया है.” भाजपा अध्यक्ष ने कहा,”हमने कहा था कि हम मंदिर वहीं बनाएंगे. लेकिन हमारे विरोधी कहते थे कि तिथि कब बताएंगे? अब मैं उनसे कहता हूं कि जनवरी में उद्घाटन है, आप जरूर आएं.” भाजपा नेता ने कहा कि इसलिए सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण– ये भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जुड़े हुए हैं.

कांग्रेस एवं दूसरे विपक्ष दलों पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा,” उनका मकसद है– सरकार में आओ और लूटो, भ्रष्टाचार करो, भाई को भाई से लड़ाओ… तुष्टिकरण को आगे बढ़ाओ. लेकिन हमारा उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में गांव, गरीब, वंचित, पीड़ित, शोषित, दलित, महिला, युवा और किसानों को ताकत और मजबूती देना है.”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा , ” भाजपा जब कोई संकल्प (घोषणा) पत्र निकालती है, तो वह केवल राजनीतिक दस्तावेज ही नहीं होता बल्कि वह हमारा आगे कार्य करने का लक्ष्य होता है, जिसको हम करते हैं.” नड्डा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ‘मिशन-2030′ पर चुटकी लेते हुए कहा,’.. ये गिनती भूल गए हैं क्या, 2030 से पहले 2023 आता है. पहला पड़ाव तो पार कीजिए. ” उन्होंने कहा,” पांच साल तक तो राजस्थान सरकार में खींचतान चलती रही. इन्होंने विधायकों को अपनी तरफ खींचने के लिए हर तरह की छूट दी थी , जिससे उन्होंने यहां हर तरह की लूट मचाई .” नड्डा ने किसानों की कर्जमाफी की घोषणा को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना भी साधा.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी यूं तो महिला उत्पीड़न की कोई भी घटना होने पर वहां जाती हैं लेकिन राजस्थान में वह घटना वाली जगह पर नहीं जाती हैं, वह बस रणथंभौर आती हैं. नड्डा ने कहा, ” ये राजनीति के दोहरे मापदंड व दोहरे चेहरे हैं.” इस कार्यक्रम को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने भी संबोधित किया.

भाजपा की राजस्थान संकल्प-पत्र समिति के संयोजक एवं केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि घोषणा-पत्र के लिए आम लोगों को सुझाव लेने के लिए यह कार्यक्रम चार अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चलेगा. इन रथों के साथ जिला संयोजक और संकल्प पत्र समिति के सह-संयोजक रहेंगे. इन रथों में आकांक्षा पेटी भी रखी जाएगी जिसमें लोग अपना लिखित सुझाव दे सकते हैं.

नड्डा ने राजस्थान में भाजपा की संकल्प पत्र समिति ने जनता के सुझाव एकत्रित करने के लिए ”आपणो राजस्थान सुझाव आपका संकल्प हमारा” कार्यक्रम की शुरुआत की. उन्होंने राज्य के अलग-अलग जगहों के लिए रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. कार्यक्रम में पार्टी के राजस्थान चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी, राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी व उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया भी मौजूद थे. इससे पहले जयपुर पहुंचने पर नड्डा ने यहां विख्यात मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की.

Related Articles

Back to top button