प्राइम वीडियो ने ‘मिर्जापुर’ को फिल्म के रूप में पेश करने की घोषणा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 28 Oct 2024 08:51 PM
प्राइम वीडियो ने ‘मिर्जापुर’ को फिल्म के रूप में पेश करने की घोषणा की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्राइम वीडियो के लोकप्रिय शो ‘मिर्जापुर’ को अब फिल्म की तरह प्रस्तुत किया जाएगा जिसमें कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी जैसे प्रमुख किरदार होंगे. प्राइम वीडियो ने सोमवार को यह घोषणा की. ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ के निर्माता पुनीत कृष्णा और निर्देशक गुरमीत सिंह हैं. इसे 2026 में रिलीज किया जाएगा.

अभिनेता पंकज त्रिपाठी और अली फजल फिल्म में क्रमश: कालीन भैया और गुड्डू पंडित के रूप में वापसी करने के लिए तैयार हैं. दिव्येंदु के रूप में मुन्ना त्रिपाठी भी वापसी कर रहे हैं, जिन्होंने जुलाई में आए ‘मिर्जापुर’ के तीसरे सीजन में अतिथि भूमिका निभाई थी.
इस शो में कम्पाउंडर की भूमिका अदा करने वाले ‘स्त्री’ फेम अभिषेक बनर्जी भी फिल्म में दिखाई देंगे. प्राइम वीडियो इंडिया के निदेशक (कंटेंट लाइसेंसिंग) मनीष मेंघानी ने कहा कि ‘मिर्जापुर’ ने खुद को अपने अलबेले किरदारों, भुलाए नहीं जा सकने वाले संवादों एवं शानदार कहानी के साथ आज के जमाने के दर्शकों के बीच एक अत्यंत पसंदीदा शो के रूप में स्थापित किया है.

उन्होंने कहा, ”हम इसे सिनेमाघरों तक ले जाने, प्रशंसकों को एक जानदार सिनेमाई अनुभव देने के लिए उत्साहित हैं.” एक्सेल एंटरटेनमेंट से जुड़े निर्माताओं रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने कहा कि ”हमारे बैनर के लिए ‘मिर्जापुर’ को एक बार फिर दर्शकों के लिए लाना और वह भी सिनेमाघरों में जारी करना उत्साहित करने वाला है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu