रूस ने मिसाइल, ड्रोन के जरिये यूक्रेन में किये हमले

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 Feb 2023 10:14 PM
ऑडियो सुनें

कीव. रूसी सेना ने शुक्रवार तड़के पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन में हमले करने के लिए क्रूज मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया. यूक्रेन का कहना है कि रूस के हमले को एक साल पूरा होने वाला है और इससे पहले उसने (रूस ने) पूर्वी क्षेत्रों में हमलों को तेज कर दिया है. यूक्रेन के सैन्य प्रमुख जनरल वालेरी जालुजनी ने कहा कि रूसी सेना ने बृहस्पतिवार की देर रात से 71 क्रूज मिसाइल और 35 एस-300 मिसाइल दागी और सात ड्रोन से हमले किये.

उन्होंने कहा कि यूक्रेन की सेना ने 61 क्रूज मिसाइल और पांच ड्रोन को मार गिराया. यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस शमीहाल ने कहा कि मास्को ने एक बार फिर ‘‘यूक्रेनी ऊर्जा प्रणाली को नष्ट करने का प्रयास किया और बिजली आपूर्ति को लक्षित किया. यूक्रेनी सेना ने कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेन के औद्योगिक पूर्व, विशेष रूप से लुहांस्क और डोनेट्स्क प्रांतों में बमबारी की. मास्को सर्मिथत अलगाववादी वहां 2014 से यूक्रेन की सेना से लड़ रहे हैं.

रूसी हमले में यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और दक्षिण पूर्व में जापोरिज्जिया में ऊर्जा बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा. देश के ज्यादातर हिस्सों में हवाई हमले के सायरन बजाए गए. जापोरिज्जिया नगर परिषद के सचिव अनातोली कुर्तिएव ने कहा कि शहर को एक घंटे में 17 बार निशाना बनाया गया.

निजी ऊर्जा आॅपरेटर डीटीईके के मुताबिक, मिसाइल हमले की आशंका के कारण कीव शहर, कीव और निप्रॉपेट्रोस क्षेत्रों में बिजली कटौती की गई. कीव शहर प्रशासन के प्रमुख सेरही पोपको ने कहा कि ‘‘मिसाइल हमले का एक बड़ा खतरा है.’’ मेयर इहोर तेरेखोव ने कहा कि खारकीव में, अधिकारी पीड़ितों और नुकसान के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बिजली और पानी की आपूर्ति में व्यवधान हो सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu