
बेरूत/अबूधाबी/यरुशलम. लेबनान के एक सुरक्षा अधिकारी ने सोमवार को कहा कि दक्षिणी लेबनान में इजराइली हवाई हमले में आतंकवादी समूह हिजबुल्ला के एक वरिष्ठ कमांडर की मौत हो गई. यह हत्या ऐसे वक्त हुई है जब लेबनान-इजराइल सीमा पर ईरान सर्मिथत हिजबुल्ला आतंकवादियों और इजराइली सेना के बीच झड़पें तेज हो गई हैं.
इजराइली हमले में बेरूत में आतंकवादी फलस्तीनी समूह हमास के शीर्ष अधिकारी की मौत के लगभग एक सप्ताह बाद यह हमला हुआ है. ताजा हमले से दो दिन पहले हिजबुल्ला ने जवाबी कार्रवाई में उत्तरी इजरायल के माउंट मेरोन में इजरायली सैन्य अड्डे पर व्यापक मिसाइल हमला किया था. इज.रायली सेना ने हमले के बारे में तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की. उसने कहा कि लड़ाकू विमानों ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है.
लेबनानी सुरक्षा अधिकारी ने, नियमों के अनुरूप नाम न छापने की शर्त पर कहा कि इजराइल ने हिजबुल्लाह के विशिष्ट राडवान फोर्सेस के एक कमांडर को मारा है. अधिकारी ने हालांकि कमांडर का नाम नहीं बताया. अधिकारी ने बताया कि दक्षिणी गांव खिरबेट सेल्म में एक होंडा एसयूवी को निशाना बनाया गया. उस वक्त कमांडर उसे चला रहा था. इस घटना पर टिप्पणी के अनुरोधों को लेकर हिजबुल्ला ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की.
गाजा युद्ध को फैलने से रोकने के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन की बैठकों का दौर तीसरे दिन भी जारी
इजराइल-हमास युद्ध को फैलने से रोकने के प्रयासों के तहत अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की मध्यपूर्व यात्रा सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रही. ब्लिंकन ने सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात के नेता शेख मोहम्मद बिन जायद के साथ बैठक की. बिन जायद के साथ बैठक के बाद ब्लिंकन सऊदी अरब के वलीअहद मोहम्मद बिन सलमान के साथ बातचीत के लिए सऊदी अरब की यात्रा करेंगे.
इन बैठकों का उद्देश्य न केवल गाजा युद्ध को और फैलने से रोकने के उपाय तलाशने, बल्कि युद्ध के बाद गाजा की स्थिति में सुधार की तैयारी के लिए प्रमुख अरब नेताओं को शामिल करना है. विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ”अबू धाबी में शेख मोहम्मद के साथ बैठक के दौरान ब्लिंकन ने संघर्ष को और फैलने से रोकने के महत्व पर जोर दिया और क्षेत्र में स्थायी शांति हासिल करने के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता को जारी रखने पर जोर दिया.” ब्लिंकन कतर, जॉर्डन, तुर्किये और यूनान के शीर्ष नेताओं के साथ इसी तरह की बैठकों के बाद अबू धाबी पहुंचे.
इजराइल ने हिज्बुल्ला के साथ ‘एक और युद्ध’ शुरू होने की चेतावनी दी
इजराइली सेना ने रविवार को कहा कि हिज्बुल्ला ने उत्तरी इजइराल में एक हवाई यातायात नियंत्रण अड्डे पर हमला किया और इसके साथ ही इजराइली सेना ने ईरान सर्मिथत चरमपंथी समूह के साथ ”एक और युद्ध” शुरू होने की चेतावनी दी. लेबनान के साथ लगती सीमा पर लड़ाई ऐसे वक्त में बढ़ गयी है जब इजराइल गाजा में हमास चरमपंथियों से लोहा ले रहा है. इस स्थिति को देखते हुए अमेरिका द्वारा तत्काल कूटनीतिक कदम उठाए जाने की आवश्यकता बढ़ गयी है और वह भी ऐसे वक्त में जब विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन पश्चिम एशिया की अपनी यात्रा पर इजराइल आने की तैयारी कर रहे हैं.
ब्लिंकन ने कतर में वार्ता के बाद संवाददाताओं से कहा, ”यह ऐसा संघर्ष है जो आसानी से बढ़ सकता है जिससे और अधिक असुरक्षा और पीड़ा पैदा हो सकती है.” इजराइल और हिज्बुल्ला के बीच सीमा पार लड़ाई ने क्षेत्रीय संघर्ष रोकने के अमेरिका के प्रयास को जटिल बना दिया है.
इजराइली सेना ने बताया कि हिज्बुल्ला ने शनिवार को माउंट मेरोन पर एक संवेदनशील हवाई यातायात नियंत्रण अड्डे पर हमला किया लेकिन हवाई रक्षा प्रणालियों पर कोई असर नहीं पड़ा. उसने बताया कि कोई भी सैनिक घायल नहीं हुआ और सभी क्षतिग्रस्त चीजों की मरम्मत की जाएगी. गाजा में इजराइल के युद्ध के बीच यह हिज्बुल्ला की ओर से सबसे गंभीर हमलों में से एक है. हिज्बुल्ला ने अपने रॉकेट हमले को पिछले सप्ताह बेरूत में उसके गढ़ में एक शीर्ष हमास नेता की लक्षित हत्या की ”प्रारंभिक प्रतिक्रिया” बताया. ऐसा माना जाता है कि हमास नेता की हत्या इजराइल ने करायी.
इजराइली सेना के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट कर्नल हर्जी हालेवी ने बताया कि हमास के सहयोगी हिज्बुल्ला पर सैन्य दबाव बढ़ रहा है और या तो यह प्रभावी होगा या ”हम एक और युद्ध की ओर बढ़ेंगे.” कतर सरकार ने ब्लिंकन के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि लेबनान में वरिष्ठ हमास नेता की हत्या गाजा में हमास के चंगुल से और बंधकों की संभावित रिहाई के लिए जटिल वार्ता पर असर डाल सकती है.



