सोजन जोसेफ: केरल में जन्मे मानसिक स्वास्थ्य नर्स अब ब्रिटेन के नए सांसद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jul 2024 07:57 PM
सोजन जोसेफ: केरल में जन्मे मानसिक स्वास्थ्य नर्स अब ब्रिटेन के नए सांसद
ऑडियो सुनें

लंदन. राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) में मानसिक स्वास्थ्य नर्स सोजन जोसेफ ब्रिटेन के आम चुनाव में ब्रिटेन की संसद के निचले सदन ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ के लिए चुने गए लेबर सांसदों में शामिल हैं. जोसेफ 22 साल पहले केरल से ब्रिटेन आए थे. जोसेफ (49) ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं पर अधिक जोर देने का वादा किया था और वह कंजर्वेटिव पार्टी का गढ़ माने जाने वाले दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड की केंट काउंटी के एशफोर्ड में सेंध लगाने में सफल रहे.

लेबर पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जोसेफ ने एशफोर्ड निर्वाचन क्षेत्र में जीत हासिल की. उन्होंने वरिष्ठ राजनीतिज्ञ डेमियन ग्रीन को हराया. मूल रूप से केरल के कोट्टायम जिले के एक छोटे से गांव काइपुझा में जन्मे जोसेफ ने केंट की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा में मानसिक स्वास्थ्य नर्स के रूप में काम किया है.

जोसेफ ने शुक्रवार को अपने संबोधन में कहा, ”आप सभी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं अभिभूत हूं और साथ ही मैं अपनी जिम्मेदारियों को भी जानता हूं.” उन्होंने कहा कि उन्हें एशफोर्ड और विल्सबोरो को अपना घर कहने में बहुत गर्व महसूस होता है.
जोसेफ ने बेंगलुरु के बी आर आंबेडकर मेडिकल कॉलेज से र्निसंग की पढ़ाई पूरी की थी. ब्रिटेन में उन्होंने स्वास्थ्य सेवा नेतृत्व में मास्टर डिग्री के लिए अध्ययन किया, जिसमें उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा में विविधता और समावेश पर ध्यान केंद्रित किया.
ब्रिटेन में चार जुलाई को हुए आम चुनाव में लेबर पार्टी ने ऐेतिहासिक जीत हासिल की थी और केअर स्टॉर्मर नए प्रधानमंत्री बने.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu