कांग्रेस छोड़कर भागने वाला व्यक्ति अब असम का मुख्यमंत्री है: खरगे

चायगांव. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर कटाक्ष करते हुए दावा किया कि पार्टी ने भाजपा को असम में सरकार बनाने के लिए अपना सदस्य उधार दिया था. खरगे ने राज्य की एक दिवसीय यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “जो व्यक्ति कांग्रेस छोड़कर भाग गया था, वह अब असम का मुख्यमंत्री है.” शर्मा 2015 में भाजपा में शामिल होने से पहले असम की कांग्रेस सरकार में मंत्री थे.

राज्य की मौजूदा भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए खरगे ने कहा, “लोगों से अन्याय करने वालों को जेल भेजा जाएगा. उन्हें अब जेलों की मरम्मत करवानी चाहिए, क्योंकि उन्हें वहीं रहना होगा.” उन्होंने दावा किया कि असम में अवैध प्रवासियों का पता लगाने की आड़ में लोगों को धमकाया जा रहा है और वे अगले साल होने वाले चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को सबक सिखाएंगे.

असम में बेदखली अभियान पर खरगे ने कहा कि यदि कांग्रेस राज्य में सरकार बनाती है तो वह मकानों का पुर्निनर्माण करेगी और भाजपा सरकार की ऐसी कार्रवाई से प्रभावित लोगों को मुआवजा देगी. उन्होंने यह दावा भी किया कि भाजपा सरकार असम में कांग्रेस के खिलाफ मतदाता सूची के संशोधन, निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन जैसी रणनीति अपना सकती है . उन्होंने पार्टी सदस्यों से सतर्क रहने और ऐसे प्रयासों को विफल करने का आग्रह किया.

खरगे ने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो वह असम में बच्चों के लिए शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार और चाय बागान श्रमिकों के लिए अधिकतम मजदूरी की गारंटी देगी. उन्होंने यह दावा भी किया कि दलितों और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को सतर्क रहना होगा, वरना केंद्र की भाजपा सरकार उनके आरक्षण को छीन लेगी.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा, “मोदी ने पांच दिन में पांच देशों का दौरा किया, लेकिन उन्हें हिंसाग्रस्त मणिपुर आने के लिए दो घंटे भी नहीं मिले.” उन्होंने कहा कि संविधान को ‘बचाने’ के लिए लोगों को एकजुट होना होगा. उन्होंने दावा किया, “संविधान हमारे लोकतंत्र का आधार है. आरएसएस और भाजपा इसे बदलने की कोशिश कर रहे हैं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button