
पेरिस. भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों तुलसीमति मुरुगेसन और मनीषा रामदास ने सोमवार को यहां पैरालंपिक की महिला एकल एसयू5 स्पर्धा में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता. बाइस साल की शीर्ष वरीय तुलसीमति को फाइनल में चीन की गत चैंपियन यैंग कियू शिया के खिलाफ 17-21 10-21 से हार का सामना करना पड़ा.
दूसरी वरीय मनीषा ने डेनमार्क की तीसरी वरीय कैथरीन रोसेनग्रेन को 21-12 21-8 से हराकर कांस्य पदक जीता. एसयू5 वर्ग उन खिलाड़ियों के लिए है जिनके ऊपरी अंगों में विकार है. यह खेलने वाले या फिर दूसरे हाथ में हो सकता है. पेरिस पैरालंपिक में इन दो पदक से पहले भारत को एसएल3 वर्ग में नितेश कुमार ने मौजूदा खेलों का बैडमिंटन का पहला स्वर्ण पदक दिलाया.



