यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूरोपीय संसद को संबोधित किया, EU की सदस्यता का किया आग्रह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Feb 2023 07:54 PM
ऑडियो सुनें

ब्रसेल्स. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार को यूरोपीय संसद को संबोधित करते हुए आग्रह किया कि यूक्रेन को यूरोपीय संघ का सदस्य बनाया जाना चाहिए. जेलेंस्की ने तर्क दिया कि उनके देश को शामिल किए बिना यूरोपीय संघ ‘‘संपूर्ण’’ नहीं होगा. उन्होंने कहा कि दुनिया में ‘‘सबसे बड़ी यूरोप-विरोधी ताकत’’ रूस के खिलाफ यूक्रेन और यूरोपीय संघ (ईयू) मिलकर लड़ रहे हैं.
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘जीत की ओर बढ़ रहा यूक्रेन यूरोपीय संघ का सदस्य बनने जा रहा है.’’ इस दौरान, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने रूस के साथ युद्ध में मजबूती के लिए और अधिक सैन्य सहायता एवं हथियार आपूर्ति की भी मांग की.

जेलेंस्की के संबोधन के दौरान और बाद में यूरोपीय सांसदों ने खड़े होकर तालियां बजाईं. जेलेंस्की ने अपने संबोधन के बाद यूरोपीय संघ का झंडा उठाया और यूक्रेन का राष्ट्रगान बजाया गया. उन्होंने कहा, ‘‘जब तक हम एकजुट हैं, तब तक हम अपने यूरोप और यूरोपीय जीवनशैली का ख्याल रखते हैं, तब तक यूरोप है और हमेशा रहेगा.’’ जेलेंस्की ने कहा कि रूस यूरोपीय जीवनशैली को नष्ट करना चाहता है, लेकिन ‘‘हम इसकी अनुमति नहीं देंगे.’’ उनके संबोधन से पहले, यूरोपीय संसद की अध्यक्ष रॉबर्ट मेत्सोला ने कहा कि सहयोगियों को यूक्रेन के लिए ‘‘अगले कदम के रूप में तत्काल लंबी दूरी की मिसाइल’’ और लड़ाकू जेट प्रदान करने पर विचार करना चाहिए.

बाद में, राष्ट्रपति जेलेंस्की बृहस्पतिवार को यूक्रेन लौट गए. वहीं, यूरोपीय संघ के देशों ने जेलेंस्की को रूस के साथ जारी युद्ध में मजबूती के लिए और अधिक सैन्य सहायता देने का आश्वासन दिया. इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति को फ्रांस के सर्वोच्च सम्मान पदक से भी नवाजा गया.

जेलेंस्की बृहस्पतिवार को ब्रसेल्स स्थित यूरोपीय संसद पहुंचे. 27 सदस्य देशों वाले यूरोपीय संघ ने राष्ट्रपति जेलेंस्की को रूस के साथ जारी युद्ध में मजबूती के साथ अपना समर्थन जारी रखने का आश्वासन दिया. गौरतलब है कि रूस ने पिछले साल 24 फरवरी को यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की शुरुआत की थी.

ईयू के मसौदा निष्कर्ष में कहा गया, ‘‘यूरोपीय संघ यूक्रेन के साथ तब तक खड़ा रहेगा, जब तक उसे जरूरत है.’’ जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज ने कहा कि ईयू जेलेंस्की को ‘‘एकता और एकजुटता का संकेत भेजेगा तथा यह (ईयू) दिखा सकता है कि हम यूक्रेन की स्वतंत्रता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना समर्थन तब तक जारी रखेंगे जब तक इसकी जरूरत है.’’ इस बीच, जेलेंस्की ने यूरोपीय संसद को संबोधित करते हुए दावा किया कि उनके देश को गोपनीय जानकारी मिली है कि रूसी खुफिया एजेंसी मोल्दोवा को तबाह करने की साजिश रच रही है.

जेलेंस्की ने कहा कि रूस की इस साजिश के बारे में उन्होंने मोल्दोवा की राष्ट्रपति माइआ सैंडु को अवगत कराया है. उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उन्हें सूचित किया है कि हमें मोल्दोवा को तबाह करने संबंधी रूस की खुफिया साजिश का पता चला है.’’ जेलेंस्की ने कहा कि दस्तावेजों से पता चलता है कि ‘‘कौन, कब और कैसे’’ मोल्दोवा पर नियंत्रण करने की साजिश रच रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu