
श्रीनगर. मिस वर्ल्ड कैरोलिना बिलावस्का ने कहा है कि अगर मौका मिलता है तो वह पूर्व मिस वर्ल्ड व अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ काम करना चाहेंगी. मिस वर्ल्ड ऑर्गेनाइजेशन की अध्यक्ष व सीईओ जूलिया मोरले के साथ कश्मीर की एक दिवसीय यात्रा पर आईं पोलैंड में जन्मीं बिलावस्का ने प्रियंका को एक “बड़ी हस्ती” बताया.
बिलावस्का ने प्रियंका चोपड़ा के साथ काम करने के बारे में पूछे जाने पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “यह एक सपना सच होने के समान होगा. वह एक अद्भुत मिस वर्ल्ड, एक बड़ी हस्ती और एक बेहतरीन फिल्म स्टार हैं. यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान होगा.” प्रियंका ने साल 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था.
इस साल के अंत में प्रतियोगिता के लिए भारत को मेजबान के तौर पर चुनने के बारे में पूछे जाने पर बिलावस्का ने कहा भारत की मशहूर मेहमान नवाजी के कारण ऐसा हुआ है. वह विविध भारतीय व्यंजनों की मुरीद हैं. उन्होंने कहा, “हमने महसूस किया कि भारतीय लोग अपने आतिथ्य के लिए प्रसिद्ध हैं. हम जहां भी जाते हैं, वे हमारा बहुत अच्छे से स्वागत करते हैं और भारत बहुत विविधतापूर्ण है, लेकिन लोगों के दिलों में मूल्य हमेशा एक जैसे हैं. यह अच्छाई और दयालुता वाला देश है. हम वास्तव में यहां घर जैसा महसूस कर रहे हैं.”



