नारायणपुर के 18 विलुप्त औषधीय पौधों को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान, संरक्षण करेगी केन्द्र सरकार, देशभर से 400 पौधों का चयन

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Tue, 17 Nov 2026 08:02 PM
नारायणपुर के 18 विलुप्त औषधीय पौधों को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान, संरक्षण करेगी केन्द्र सरकार, देशभर से 400 पौधों का चयन
ऑडियो सुनें

छत्तीसगढ़ के जंगलो में पीढ़ियों से इस्तेमाल किया जा रहा औषधीय पौधा और उसके इस्तेमाल से जुड़े पारंपिक ज्ञान को अब पहचान देने की पहल केन्द्र सरकार ने की है. 13 राज्यों के 16 आदिवासी क्षेत्रों में औषधि पौधों के बचाव और उनमें रोजगार के अवसर के लिए तीन साल की राष्ट्रीय तैयारी की प्रक्रिया शुरू की है. इसमें छत्तीसगढ़ के नारायणपुर को भी शामिल किया गया है. इस योजना के माध्यम से आदिवासी समुदायों के पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक तकनीकी और रोजगार से जोड़ने के लिए काम किया जायेगा.

200 से 300 औषधीय पौधों की जानकारी जुटाई जाएगी

आदिवासी कार्य मंत्रालय ने सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई), लखनऊ के सहयोग से 12 नवंबर 2026 को ओडिशा के कोरापुट स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में इस परियोजना की शुरुआत की और इसके माध्यम से अलग-अलग आदिवासी क्षेत्रों में पाए जाने वाले 200 से 300 औषधीय पौधों की पहचान कर उनका लिखित रिकॉर्ड तैयार किया. इसमें 30 से 40 दुर्लभ, लुप्तप्राय और संकटग्रस्त प्रजातियों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और प्रसार किया जाएगा।

शुरू किए जायेंगे सामूहिक नर्सरी और बीज बैंक

इस पहल के जरिये 16 सामुदायिक नर्सरियां और 16 बीज बैंक स्थापित करने की योजना है। इसके साथ ही औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए 40 हजार से 50 हजार उच्च गुणवत्ता वाले पौधों की रोपण सामग्री वितरित की जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर पौधों का संरक्षण करने के साथ उनकी खेती के लिए भी आधार तैयार किया जा सकेगा।

पुराने ज्ञान को मिलेगी वैज्ञानिक पहचान

इस योजना में आदिवासी किसानों, पारंपरिक चिकित्सकों, महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को विशेष रूप से जोड़ा जाएगा। वैज्ञानिक संस्थानों, कृषि विज्ञान केंद्रों, वन धन विकास केंद्रों और स्थानीय समुदायों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आदिवासियों के पारंपरिक ज्ञान को दर्ज करना और औषधीय पौधों के संरक्षण के साथ उनसे जुड़े उत्पादों और उद्यमों को विकसित करना है।

शुरुआती दौर में सीएसआईआर-एनबीआरआई की टीम ने अक्टूबर 2026 में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के 12 गांवों में जाकर पारंपरिक औषधीय ज्ञान रखने वाले 146 आदिवासियों से बातचीत की। इस दौरान करीब 200 औषधीय और आर्थिक महत्व वाले पौधों के नमूने एकत्र किए गए। इसी तरह की पहल अन्य चयनित आदिवासी क्षेत्रों में भी की जानी है।

क्या आदिवासियों का पुराना ज्ञान बनेगा कमाई का जरिया

इस योजना का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य औषधीय पौधों को केवल जंगलों तक सीमित न रखकर उन्हें आजीविका और उद्यम से जोड़ना है। इसके माध्यम से भविष्य में इन पौधों की खेती, तैयार करने की पक्रिया और उनसे जुड़े उत्पादों के विकास की संभावनाएं तैयार की जाएंगी। इससे आदिवासी परिवारों, विशेषकर महिलाओं और ग्रामीण युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।

नारायणपुर को इस राष्ट्रीय पहल में शामिल किया जाना छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण है। अब देखना होगा कि यहां के जंगलों में मौजूद औषधीय वनस्पतियों और स्थानीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान को किस तरह वैज्ञानिक संरक्षण और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जाता है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group